मनीष हत्याकांड: पत्नी ने CP और DM से की मुलाकात, देर रात कई नेताओं को किया हाउस अरेस्ट; सतर्क रही पुलिस
Manish Singh Murder Case Varanasi: मनीष सिंह हत्याकांड के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रस्तावित प्रदर्शन पर पुलिस अलर्ट रही। करणी सेना पदाधिकारियों और छात्र नेताओं को हाउस अरेस्ट किया गया। मृतक की पत्नी अंकिता ने सीपी और डीएम से मुलाकात की। पुलिस ने जल्द बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
Varanasi News: युवा उद्यमी मनीष सिंह हत्याकांड में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से नाराज परिजनों और क्षत्रिय संगठनों द्वारा घोषित विरोध-प्रदर्शन को लेकर शुक्रवार को कमिश्नरेट पुलिस पूरी तरह सतर्क रही। संभावित धरना-प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने कई स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी और करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष सहित कई छात्र नेताओं को देर रात से ही हाउस अरेस्ट कर दिया।
जानकारी के अनुसार फूलपुर थाना क्षेत्र के घमहापुर निवासी युवा उद्यमी मनीष सिंह की मॉब लिंचिंग में हत्या के एक महीने बाद भी कई आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। गिरफ्तारी न होने से नाराज मृतक की पत्नी अंकिता सिंह ने शुक्रवार को जिला मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन करने का ऐलान किया था। इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में लोगों को शामिल करने के लिए क्षत्रिय संगठनों द्वारा भी आह्वान किया गया था।
धरना-प्रदर्शन की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया। बृहस्पतिवार देर रात से ही कई लोगों को उनके घरों में नजरबंद किया गया। यूपी कॉलेज के छात्र नेता समीर सिंह विशाल को राजातालाब क्षेत्र स्थित उनके बभनियाव आवास पर हाउस अरेस्ट किया गया। वहीं करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष समेत अन्य सक्रिय लोगों की गतिविधियों पर भी पुलिस नजर बनाए रही।
शुक्रवार सुबह अंकिता सिंह और परिजनों ने पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल तथा जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार से मुलाकात कर जल्द गिरफ्तारी की मांग की। इस दौरान पुलिस आयुक्त ने पीड़ित परिवार को आश्वस्त किया कि मामले में अधिकतर आरोपी जेल भेजे जा चुके हैं और बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। उन्होंने कहा कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा तथा आवश्यकता पड़ने पर रासुका के तहत भी कार्रवाई की जाएगी।
उधर कैंट थाना क्षेत्र में सर्किट हाउस के आसपास पुलिस ने कड़ा सुरक्षा घेरा बना दिया था। कहीं भी लोगों को एकत्र नहीं होने दिया गया। जो लोग प्रदर्शन के लिए पहुंचे, उन्हें तत्काल वहां से हटा दिया गया। पूरे दिन जिला मुख्यालय और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस की सख्ती देखने को मिली।