सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Chandauli News ›   Former Block Chief Breaks Silence on Gargi Singh Patel Case Presents Side in chandauli

UP: 'अवैध संबंध की बात गलत', गार्गी केस में पूर्व ब्लॉक प्रमुख ने तोड़ी चुप्पी; सपा नेता बोलीं- धमकी मिली थी

अमर उजाला नेटवर्क, चंदाैली। Published by: Aman Vishwakarma Updated Fri, 29 May 2026 09:17 PM IST
विज्ञापन
सार
LinksIndexing - Best SEO Indexing Tool

Chandauli News: मढ़िया गांव में सपा महिला जिलाध्यक्ष गार्गी सिंह पटेल पर हुए हमले मामले में पूर्व ब्लॉक प्रमुख प्यारेलाल यादव ने कहा कि घटना प्रेम संबंध के शक में हुई, पैसों का कोई विवाद नहीं है। वहीं जिला अस्पताल पहुंचकर भाजपा नेता राणा प्रताप सिंह ने गार्गी से मुलाकात की और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए घटना को शर्मनाक बताया।

Former Block Chief Breaks Silence on Gargi Singh Patel Case Presents Side in chandauli
गार्गी सिंह पटेल प्रकरण में पूर्व ब्लॉक प्रमुख ने तोड़ी चुप्पी। - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार

UP News: मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के मढ़िया गांव में सपा महिला जिलाध्यक्ष गार्गी सिंह पटेल के घर में घुसकर मारपीट और जानलेवा हमले के मामले में शुक्रवार को पूर्व ब्लॉक प्रमुख प्यारेलाल यादव का बयान सामने आया। मीडिया से बातचीत में उन्होंने पूरे घटनाक्रम पर अपना पक्ष रखते हुए कहा कि मामले को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है और इसमें किसी प्रकार का पैसों का लेनदेन नहीं है।





प्यारेलाल यादव ने बताया कि लगभग एक सप्ताह पहले लखनऊ में अखिलेश यादव के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी की बैठक आयोजित हुई थी। बैठक में शामिल होने के लिए गार्गी सिंह पटेल भी गई थीं। उन्होंने कहा कि वह पिछले करीब 10 वर्षों से प्रॉपर्टी के काम से जुड़े हैं और उसी संबंध में वह गार्गी सिंह पटेल को अपने साथ लखनऊ लेकर गए थे।
विज्ञापन
विज्ञापन


पूर्व ब्लॉक प्रमुख ने आरोप लगाया कि इसके बाद सपा नेता सिद्धांत जायसवाल ने उनके परिवार वालों का 'कान भर दिया', जिससे परिवार में गलतफहमी पैदा हो गई। उन्होंने दावा किया कि इसी वजह से प्रेम संबंध के शक में गार्गी सिंह पटेल के साथ मारपीट की घटना हुई।
विज्ञापन
Trending Videos


उन्होंने साफ कहा कि इस मामले में किसी प्रकार का आर्थिक विवाद या पैसे का लेनदेन बाकी नहीं है। प्यारेलाल यादव के बयान के बाद पूरे मामले ने नया मोड़ ले लिया है और राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। वहीं पुलिस पूरे प्रकरण की जांच में जुटी हुई है।

Former Block Chief Breaks Silence on Gargi Singh Patel Case Presents Side in chandauli
गार्गी सिंह पटेल प्रकरण में पूर्व ब्लॉक प्रमुख ने तोड़ी चुप्पी। - फोटो : संवाद

पीड़िता ने आरोप लगाया-मिली थी धमकी
मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के मढिया गांव में सपा महिला जिलाध्यक्ष गार्गी सिंह पटेल पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने देर रात करीब 1:30 बजे पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि एक सप्ताह पहले लखनऊ स्थित सपा कार्यालय में हुई बैठक के दौरान सपा नेता सिद्धांत जायसवाल निवासी रामनगर, वाराणसी ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी थी। 

गार्गी सिंह का आरोप है कि उनकी राजनीतिक छवि खराब करने और उन्हें रास्ते से हटाने की साजिश के तहत घटना को अंजाम दिया गया। वहीं, सिद्धांत जायसवाल ने आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि यदि उन्होंने पहले धमकी दी थी तो उस समय मुकदमा क्यों नहीं दर्ज कराया गया। उन्होंने कहा कि बैठक के बाद उनकी गार्गी सिंह से कोई मुलाकात नहीं हुई। उनकी राजनीतिक छवि खराब करने के लिए साजिश रची जा रही है। उन्होंने मामले को निजी विवाद से जुड़ा बताया।

प्राथमिकी के अनुसार, मढिया पड़ाव निवासी गार्गी सिंह पत्नी सुजीत कुमार सिंह बृहस्पतिवार सुबह घर पर थीं। इसी दौरान उनके जमीन कारोबार के साझेदार प्यारे मामा निवासी सूजाबाद पड़ाव घर पहुंचे। आरोप है कि कुछ देर बाद उर्मिला यादव, अमित यादव, मनोज यादव और मोनी यादव समेत अन्य लोग घर में घुस आए और हमला कर दिया।

पीड़िता के मुताबिक आरोपियों ने लाठी, डंडे और लोहे की रॉड से मारपीट की। बाल पकड़कर घसीटा गया, जिससे शरीर पर कई गंभीर चोटें आईं। मारपीट के दौरान गले से सोने की चेन और लकेट, कान की बाली तथा नाक की पिन छीनने का भी आरोप लगाया गया है। 

घर में मौजूद बच्चों प्रतिज्ञा सिंह और प्रगति सिंह के साथ भी मारपीट किए जाने की बात कही गई है। पीड़िता का दावा है कि पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल महिला को मुगलसराय राजकीय अस्पताल भेजा, जहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें पंडित कमलापति त्रिपाठी जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों ने शरीर में कई जगह फ्रैक्चर की पुष्टि की है।

अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर ने बताया कि कारोबार संबंधी विवाद में घटना हुई है। पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
 

घायल सपा महिला जिलाध्यक्ष से मिले पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष राणा प्रताप सिंह
घर में घुसकर मारपीट की घटना में घायल हुईं सपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष गार्गी सिंह पटेल से शुक्रवार को भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष राणा प्रताप सिंह ने जिला अस्पताल पहुंचकर मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने पीड़िता का हालचाल जाना और घटना को गंभीर बताते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

जिला अस्पताल में भर्ती गार्गी सिंह पटेल से बातचीत के दौरान राणा प्रताप सिंह ने उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली तथा घटना पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से तत्काल आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की अपील करते हुए कहा कि महिलाओं के साथ इस प्रकार की घटनाएं बेहद दुर्भाग्यपूर्ण हैं।

भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि घटना में शामिल लोग समाजवादी पार्टी से जुड़े हुए हैं। उन्होंने सपा पर महिलाओं के प्रति अत्याचार की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन किसी महिला के साथ हिंसा किसी भी हाल में स्वीकार नहीं की जा सकती।

राणा प्रताप सिंह ने कहा कि गार्गी सिंह पटेल भले ही सपा की नेता हों, लेकिन सबसे पहले वह एक महिला हैं और उनके साथ हुई घटना बेहद शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में महिलाओं के उत्पीड़न को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।इसके साथ ही सपा नेता चंद्रशेखर यादव, जिला पंचायत सदस्य बबीता यादव, महेंद्र यादव आदि ने भी मुलाकात कर कुशलक्षेम जाना।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed