अमरोहा। बकरीद को लेकर नगर पालिका परिषद ने कड़े बंदोबस्त किए हैं। नगर क्षेत्र में सफाई व्यवस्था और निर्बाध जलापूर्ति सुनिश्चित करने के लिए पालिका कार्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित किया है, जो 27 मई से 30 मई तक लगातार सक्रिय रहेगा। ईओ डॉ. बृजेश कुमार ने बताया कि नगर पालिका प्रशासन ने नागरिकों की सुविधा के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं, जिन पर लोग अपनी शिकायतें दर्ज करा सकते हैं। इनमें मोबाइल नंबर 8791096629, टोल-फ्री नंबर 18001801318 तथा शॉर्ट कोड 1533 शामिल हैं।
ईद के दौरान शहर में सफाई व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए सफाई निरीक्षकों और कर्मचारियों की विशेष ड्यूटी लगाई गई है। नगर के विभिन्न क्षेत्रों में तैनात टीमें लगातार निगरानी करेंगी जिससे कहीं भी गंदगी या अवशेष (ओझ) जमा न हो। इसके लिए मोहम्मर इल्तजा, जगत सिंह, छवि शर्मा और साजिद जिया को जिम्मेदारी सौंपी गई है। सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार फील्ड में रहकर व्यवस्था की निगरानी करेंगे। इस दौरान पेयजल आपूर्ति बाधित न हो, इसके लिए जलकल विभाग को अलर्ट मोड पर रखा गया है। अवर अभियंता तपेश कुमार और वरिष्ठ लिपिक जावेद कमाल की देखरेख में विशेष टीम गठित की गई है, जो पानी की सप्लाई पर नजर रखेगी। ईओ ने डॉ. बृजेश कुमार ने कहा कि किसी भी समस्या की सूचना तुरंत कंट्रोल रूम को दें। उन्होंने कहा कि यदि कंट्रोल रूम स्तर पर समस्या का समाधान न हो सके तो नागरिक सीधे उनके मोबाइल नंबर पर भी संपर्क कर सकते हैं।