चहनिया। रमौली से हिमनापुर होते हुए बिसुनपुरा मार्ग का कायाकल्प डेढ़ करोड़ से होगा। सोमवार को सकलडीहा के सपा विधायक प्रभु नारायण सिंह यादव ने मार्ग का निरीक्षण किया और कार्य को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि यह मार्ग स्वतंत्रता संग्राम सेनानी विश्वनाथ राम के नाम पर होगा। चहनिया वाया धानापुर मुख्य मार्ग से जुड़ी रमौली से हिमनापुर होते हुए बिसुनपुरा तक डेढ़ किलोमीटर मार्ग वर्षों से क्षतिग्रस्त है। इसको बनाने की मांग ग्रामीणों ने विधायक प्रभुनारायण सिंह यादव से की थी। विधायक ने विधानसभा में भी मांग उठाई थी। इसके बाद मार्ग मरम्मत का प्रस्ताव पास किया गया। अब रमौली से हिमनापुर होते हुए डेढ़ करोड़ की लागत से मार्ग बनेगा। इस मार्ग का नाम स्वतंत्रता संग्राम सेनानी विश्वनाथ राम के नाम पर रखा जाएगा। उन्होंने बताया कि इसके साथ ही तिरगांवा से महमदपुर सरौली होते हुए साढ़े 3 किमी तक मुख्य मार्ग, डेढ़ किमी लंबे मनियार-डायना संपर्क मार्ग की भी मरम्मत होगी। इस दौरान सहायक अभियंता शैलेंद्र सिंह, सहायक अभियंता बाल गोविंद सिंह, जिला पंचायत सदस्य रविंद्र यादव, धर्मेंद्र यादव, विष्णु, शिव शंकर, अशोक यादव, काशी नाथ, विक्रमादित्य, दयाशंकर राय, संजय, वीरेंद्र, गोविंद, सोमनाथ आदि रहे।