इस 13 साल की लड़की का कसूर इतना था कि उसने फ़ेसबुक अकाउंट पर अपनी उम्र 19 साल की बताई थी। इससे नाराज़ होकर इस लड़की की मां ने एक वीडियो बनाया जिसमें वे इस लड़की से उसकी असल उम्र पूछ कर उसे लताड़ रही है।
लेकिन क्या इस तरह से किसी किशोरी को सार्वजनिक तौर पर शर्मिंदा करना सही है?
इस महिला का नाम वेल स्टार्क्स है और वो उसकी 13 साल की बेटी के फ़ेसबुक पर अपनी उम्र 19 साल बताने को लेकर नाराज़ है। महिला किशोरी से बार-बार कैमरे की तरफ देखने और ये बताने के लिए कहती हैं कि उसकी असल उम्र 13 साल है न कि 19।
विज्ञापन
बड़ी उम्र के पुरुषों के साथ चैट
लड़की के इस अकाउंट का इस्तेमाल बड़ी उम्र के पुरुषों के साथ चैट करने को लेकर भी स्टार्क्स खफ़ा थी।
अपनी बेटी की इस हरकत से गुस्साई इस मां ने सज़ा के तौर पर अपनी बेटी को डांटते हुए एक वीडियो बनाया और उसे फ़ेसबुक पर लगा दिया।
इस वीडियो को देखने के लिए यहां क्लिक करें।
इस पांच मिनट के वीडियो में स्टार्क्स अपनी बेटी से कहती हैं कि वह अपने दोस्तों को बताए कि वह पूरी गर्मी टीवी और इंटरनेट नहीं देखेंगी। इस वीडियो को 1.1 करोड़ से ज़्यादा बार देखा गया और दुनिया भर में लोगों ने इसे शेयर किया है।
वीडियो हुआ वायरल
इस वीडियो के वायरल होने के बाद स्टार्क्स ने एक और वीडियो अपलोड किया है कि जिसमें वे बता रही हैं वे एक अपराधी रही हैं, जेल जा चुकी हैं और उन्हें नौकरी पाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी है।
उनका कहना था कि वे नहीं चाहती कि उनके बच्चों का नसीब भी ऐसा बने।
इस वीडियो पर 10,000 से ज़्यादा लोगों ने टिप्पणी की है। कुछ लोगों ने स्टार्क्स का समर्थन करते हुए उनकी बेटी के बर्ताव की आलोचना की है तो कुछ ने इससे असहमति जताई है।
नाइजीरिया की इफेटोला फ़देइबी कहती हैं, ''अगर वो ध्यान आकर्षित करने के लिए फ़ेसबुक पर आसानी से झूठ बोल सकती है और धोखा दे सकती है तो उसे अपनी गलती मानने और माफ़ी मांगने के लिए भी तैयार रहना चाहिए।''
लेकिन इस वीडियो पर नाराज़गी जताते हुए ब्रिटेन के एक किशोर ने लिखा, ''ये अच्छी परवरिश नहीं है, इसे डराना-धमकाना कहते हैं।''