ग्वालियर में दो रात तक सिरफिरे का आतंक: कारों में तोड़फोड़ कर पथराव; कॉलोनीवासियों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा
ग्वालियर के बहोड़ापुर स्थित श्री विहार कॉलोनी में एक युवक ने लगातार दो रात तक उत्पात मचाते हुए कारों के शीशे तोड़े और घरों पर पथराव किया। दूसरी रात कॉलोनीवासियों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
ग्वालियर के बहोड़ापुर थाना क्षेत्र की श्री विहार कॉलोनी में एक सिरफिरे युवक ने लगातार दूसरी रात भी जमकर उत्पात मचाया। युवक ने कॉलोनी में खड़ी कारों के शीशे पत्थर मारकर तोड़ दिए और घरों पर पथराव किया। कांच टूटने और पत्थर फेंके जाने की आवाज सुनकर कॉलोनीवासी आधी रात को घरों से बाहर निकल आए और आरोपी को पकड़कर उसकी धुनाई कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर बहोड़ापुर थाने ले गई।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी मुरैना जेल में सिपाही के पद पर पदस्थ है और नशे का आदी बताया जा रहा है। वह लग्जरी कार से श्री विहार कॉलोनी आता था और पार्क के पास वाहन खड़ा कर देता था। पुलिस के अनुसार आरोपी का नाम विवेक यादव पुत्र अशोक यादव निवासी आनंद नगर है। उसके पिता सेना से सेवानिवृत्त हैं।
लगातार दो दिनों तक हुई घटनाओं के बाद कॉलोनी में दहशत का माहौल है। सुरक्षा के मद्देनजर कई लोगों ने सीसीटीवी कैमरे लगवा लिए हैं, जबकि रहवासी रात में स्वयं पहरा भी दे रहे हैं।
पहली रात कारों में की तोड़फोड़
फरियादी सुदीप प्रताप वर्मा (47) निवासी श्री विहार कॉलोनी ने अपने पड़ोसी उमाशंकर द्विवेदी के साथ थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि रात करीब 2:30 बजे एक युवक गली में घूमता दिखाई दिया। पूछताछ करने पर वह गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर उसने पत्थर फेंका, जिससे सुदीप के हाथ में चोट आई।
इसके बाद आरोपी ने सुदीप की कार (एमपी-07-सीके-2137) का सामने का शीशा तोड़ दिया। वहीं पड़ोसी हरीश शर्मा की वेगनआर कार (एमपी-07-सीडी-0247) का पिछला शीशा भी पत्थर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया। शोर सुनकर पड़ोसी जाग गए, जिसके बाद आरोपी अपनी सेल्टोस कार (एमपी-07-जेडवी-8715) से मौके से फरार हो गया।
ये भी पढ़ें- एमपी पुलिस पर बड़ा एक्शन: दो टीआई समेत 100 पुलिसकर्मियों पर FIR, कोर्ट के आदेश के बाद दर्ज हुआ मामला
दूसरी रात फिर पहुंचा, लोगों ने पकड़ लिया
घटना के अगले दिन रात करीब 2 बजे वही युवक दोबारा कॉलोनी पहुंच गया और जोर-जोर से चिल्लाने लगा। आवाज सुनकर रहवासी बाहर निकले तो उन्होंने उसे पहचान लिया। रोकने का प्रयास करने पर आरोपी ने एक अन्य कार (एमपी-07-सीएफ-9788) का पिछला कांच तोड़ दिया और उमाशंकर द्विवेदी के घर के गेट पर भी पत्थर फेंका। इस बार कॉलोनीवासियों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को उसकी कार सहित पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। बहोड़ापुर थाना पुलिस ने आरोपी विवेक यादव के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और घटनाओं के कारणों की पड़ताल कर रही है।

क्षतिग्रस्त कार।
