उत्तराखंड में आई जलप्रलय से अलकनंदा की बिगड़ी तस्वीर अब बनती नजर आ रही है। अलकनंदा में अब युवा वाटर स्पोर्ट्स का आनंद ले सकते हैं।
अलकनंदा नदी वर्तमान में वाटर स्पोर्ट्स के लिए अनुकूल है। यहां पूर्व में जिले की सीमा के अंतर्गत अलकनंदा नदी में खतरनाक व कठिन रेपिड थे, वे अब बहुत ही सरल हो गए हैं।
सबसे अधिक नुकसान केदारनाथ यात्रा से जुड़े व्यवसायियों को उठाना पड़ा। यात्रा ठप होने के कारण उनके सम्मुख आजीविका का संकट पैदा हो गया है। खासकर युवा वर्ग यात्रा ठप होने के कारण खाली बैठे हुए हैं। ऐसे में अलकनंदा नदी में वाटर स्पोर्ट्स युवाओं के लिए रोजगार का जरिया बनकर उभर सकता है।
रोजगार भी मिल सकता है इस खेल से
जल प्रलय के कारण रुद्रप्रयाग जिला सीमांतर्गत अलकनंदा नदी के पूर्व के खतरनाक व कठिन रेपिड (डेंजर जोन) अब सरल हो गए हैं। जिससे वाटर स्पोर्ट्स के इच्छुक लोग आसानी से यहां राफ्टिंग कर सकते हैं।
जिला साहसिक खेल अधिकारी सीमा नौटियाल ने बताया कि वर्तमान में अलकनंदा नदी वाटर स्पोर्ट्स के लिए उपयुक्त हो गई है। विभागीय स्तर से मिलने वाले प्रशिक्षणथियों के साथ वाटर स्पोर्ट्स संबंधी पूर्ण कोर्स कर युवा वर्ग इसे रोजगार के रुप में अपना सकते हैं।