मां के डांटने पर बेटे ने लगा ली फांसी
कृष्णानगर में मंगलवार दोपहर दसवीं के छात्र ने फांसी लगाकर जान दे दी। निजी स्कूल में पढ़ाने वाली मां शाम को लौटी तो बेटे को फंदे पर लटका देख सन्न रह गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा। पता चला है कि मां ने पढ़ाई में लापरवाही पर बेटे को डांटा था, जिससे क्षुब्ध होकर उसने जान दे दी।
पुलिस के मुताबिक, स्नेहनगर निवासी एमआर अरुण कुमार घोष का बेटा अभिजीत (16) कैंट स्थित निजी स्कूल में दसवीं का छात्र था। मां अतीशा आशियाना के एक निजी स्कूल में शिक्षिका हैं। परीक्षाएं करीब होने के बावजूद पढ़ाई में ध्यान न देने पर नाराज मां ने अभिजीत को डांटा था।
एकलौता बेटा था
इससे क्षुब्ध होकर स्कूल नहीं गया। माता-पिता रोज की तरह अपने-अपने काम पर चले गए। इसी दौरान घर में अकेले अभिजीत ने अपने कमरे में फंदे से लटककर जान दे दी।
शाम करीब चार बजे स्कूल से लौटी मां को मेनगेट खुला मिला। घर के अंदर पहुंचने पर बेटे को आवाज लगाई। जवाब न मिलने पर तलाशती हुई उसके कमरे में पहुंची। सामने बेटे को फंदे से लटका देख सन्न रह गई।
सूचना पर पुलिस के साथ ही पिता भी पहुंच गए। इकलौते बेटे को खोने के गम में दोनों के आंसू रुकने का नाम नहीं ले रहे थे।