गुरुकुल के बच्चे हुए राजपाल यादव से नाराज, रिहाई के लिए गुल्लक से भेजे थे पैसे, एक्टर ने किया मिलने का वादा
Rajpal Yadav: उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर से एक इमोशनल कहानी सामने आई है। यहां गुरुकुल के छात्रों ने अपने पसंदीदा एक्टर राजपाल यादव के लिए जो किया, वह अब चर्चा का विषय बन गया है।
विस्तार
जब राजपाल यादव जेल में थे, तब कई लोग और बड़े एक्टर्स उनकी मदद के लिए आगे आए। इनमें गुरुकुल के कुछ बच्चे भी थे, जिन्होंने गुल्लक में पैसे जमाकर राजपाल की मदद के लिए भेजे थे। लेकिन ऐसा क्या हुआ कि अब वे अपने फेवरेट एक्टर से ही नाराज हो गए हैं। आइए जानते हैं…
हम आपसे नाराज हैं
दरअसल, जब राजपाल यादव जेल में थे, तब गुरुकुल सेवा ट्रस्ट के करीब 40 छात्रों ने अपनी जेब खर्च से बचाए पैसे एक गुल्लक में जमा किए और 21 फरवरी को भेज दिए। बच्चों ने एक इमोशनल चिट्ठी भी लिखी थी, जिसमें उन्होंने राजपाल यादव से रिहाई के बाद मिलने की इच्छा जाहिर की थी।
हाल ही में एक 29 सेकंड का वीडियो वायरल हुआ, जिसमें बच्चों ने कहा, ‘नमस्ते राजपाल भैया... हमें पता चला आप जेल से रिहा होकर घर आ गए हैं। हमने जो मदद भेजी थी, क्या वह आपको मिली? अगर मिली, तो आपने जवाब क्यों नहीं दिया? हम आपसे नाराज हैं।’ बच्चों ने यह भी कहा कि अगर वह मिल नहीं सकते थे, तो कम से कम फोन पर बात कर लेते।
मैं उनसे जरूर मिलूंगा- राजपाल यादव
इस पर राजपाल यादव ने पीटीआई से बातचीत में कहा कि वह अभी हाल ही में घर लौटे हैं और परिवार के साथ भी ठीक से समय नहीं बिता पाए हैं। उन्होंने बताया कि वह उन सभी लोगों की जानकारी जुटा रहे हैं जिन्होंने मुश्किल समय में उनका साथ दिया। जब उन्हें बताया गया कि बच्चे अनाथालय से नहीं बल्कि गुरुकुल स्कूल से हैं, तो उन्होंने कहा, ‘मैं गुरु परंपरा में विश्वास रखने वाला व्यक्ति हूं। वे सभी बच्चे मेरे अपने हैं। मैं उनसे जरूर मिलूंगा, उन्हें गले लगाऊंगा और फोटो खिंचवाऊंगा।’
गुरुकुल सेवा ट्रस्ट के चेयरमैन कुमार सागर के मुताबिक, बच्चों ने मिलकर गुल्लक भरी थी और कुछ अतिरिक्त राशि भी जोड़ी गई थी। बता दें कि राजपाल यादव ने 2010 में अपनी फिल्म ‘अता पता लापता’ के लिए 5 करोड़ रुपये का कर्ज लिया था। कर्ज न चुका पाने के कारण उन्हें जेल जाना पड़ा था। उसी दौरान बच्चों ने यह मदद भेजी थी।