Tips: धूप में बाइक खड़ी करना पड़ सकता है भारी, सीट व बैटरी हो सकती है खराब, खर्च से बचने के लिए ऐसे रखें ध्यान
Bike Parking Tips in Summer: मई और जून की गर्मी और तपती धूप सिर्फ इंसानों को ही नहीं, बल्कि आपकी बाइक को भी काफी प्रभावित कर सकती है। ऑफिस के बाहर या कहीं और घंटों तक खुले आसमान के नीचे बाइक खड़ी करने से उसके बाहरी लुक्स से लेकर अंदरूनी मैकेनिज्म तक सब कुछ धीरे-धीरे डैमेज होने लगता है। जानिए गर्मियों में बाइक पार्किंग से जुड़ी वो जरूरी बातें जो आपकी गाड़ी को लंबे समय तक नया बनाए रख सकती हैं...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
Summer Bike Care Tips: कई लोग रोजाना अपनी बाइक घंटों तक खुले में खड़ी कर देते हैं, लेकिन उन्हें अंदाजा भी नहीं होता कि लगातार गर्मी बाइक के कई अहम पार्ट्स की लाइफ कम कर सकती है। सीट से लेकर टायर, बैटरी और इंजन तक पर इसका असर देखने को मिल सकता है। अगर समय रहते ध्यान न दिया जाए, तो बाद में भारी मेंटेनेंस खर्च उठाना पड़ सकता है।
तेज धूप में सबसे पहले खराब होती है सीट और बॉडी
- लंबे समय तक धूप में खड़ी रहने से बाइक की सीट पर सबसे ज्यादा असर पड़ सकती है। देखिए गर्मी की वजह से सीट का मटेरियल सख्त होने लगता है और इससे कई बार उसमें क्रैक भी पड़ सकते हैं। इसके अलावा बाइक के प्लास्टिक और फाइबर पार्ट्स की चमक भी धीरे-धीरे फीकी पड़ने लगती है।
- इंडिकेटर, मीटर कवर और अन्य प्लास्टिक हिस्सों पर भी गर्मी का असर साफ दिखाई देने लगता है। यही वजह है कि एक्सपर्ट्स हमेशा बाइक को छांव में पार्क करने या बाइक कवर इस्तेमाल करने की सलाह देते हैं।
टायर पर भी पड़ता है गर्मी का असर
तेज तापमान टायर के एयर प्रेशर को प्रभावित कर सकता है। माना जाता है कि गर्मी बढ़ने पर टायर के अंदर का प्रेशर बदलता है, जिससे उसकी ग्रिप और परफॉर्मेंस पर असर पड़ सकता है।लगातार ऐसा होने से टायर जल्दी घिस सकते हैं और उनकी लाइफ कम हो सकती है। अगर बाइक रोजाना धूप में खड़ी रहती है, तो समय-समय पर टायर प्रेशर जरूर चेक करना चाहिए।
बैटरी और इलेक्ट्रिकल सिस्टम भी हो सकते हैं कमजोर
कई लोगों को लगता है कि धूप सिर्फ बाइक के बाहरी हिस्सों को नुकसान पहुंचाती है, लेकिन यह पूरा सच नहीं है। ज्यादा गर्मी बाइक के बैटरी और इलेक्ट्रिकल सिस्टम पर भी असर डालती है। लगातार हाई टेम्परेचर में रहने से बैटरी जल्दी कमजोर हो सकती है और उसकी लाइफ कम होने लगती है। इसके अलावा वायरिंग और इलेक्ट्रॉनिक पार्ट्स पर भी अतिरिक्त गर्मी का दबाव पड़ता है, जिससे भविष्य में खराबी आने का खतरा बढ़ जाता है।
इंजन पर भी पड़ सकता है दबाव
अगर बाइक पहले से गर्म हो और उसे लंबे समय तक धूप में खड़ा कर दिया जाए, तो इंजन का तापमान और बढ़ सकता है। इससे इंजन ऑयल की क्वालिटी प्रभावित हो सकती है और बाइक की परफॉर्मेंस पर असर पड़ सकता है। हालांकि गर्मियों में नियमित सर्विस, सही इंजन ऑयल और समय-समय पर बाइक चेकअप काफी जरूरी हो जाता है।
ऐसे रखें अपनी बाइक को सुरक्षित
अगर आप भी गर्मियों में अपने साथ-साथ अपनी बाइक को भी सुरक्षित रखना चाहते हैं, तो इन बातों को बिल्कुल नजरअंदाज न करें...
- कोशिश करें बाइक हमेशा छांव में पार्क करें।
- अच्छी क्वालिटी का बाइक कवर इस्तेमाल करें।
- टायर प्रेशर नियमित रूप से चेक करें।
- समय पर सर्विस करवाएं।
- बैटरी और इलेक्ट्रिकल सिस्टम की जांच कराते रहें।
- लंबे समय तक धूप में खड़ी बाइक को तुरंत तेज राइड पर न ले जाएं।