धावक आदित्य ने गोल्ड मेडल जीता
बुढ़ाना। अलीगढ़ में आयोजित ओपन स्टेट चैंपियनशिप में कस्बे के आदित्य कोरी ने 100 मीटर दौड़ में पहला स्थान प्राप्त कर गोल्ड मेडल पर अपना कब्जा जमाया। ठेकेदार वेदपाल कोरी का बेटा आदित्य कोरी कस्बे के डीएवी पब्लिक स्कूल का कक्षा नौ का छात्र है। आदित्य ने अलीगढ़ में आयोजित तीन दिवसीय ओपन स्टेट चैंपियनशिप में भाग लिया। 16-17 वर्ग आयु में 100 मीटर दौड़ में आदित्य ने पहला स्थान प्राप्त किया। गोल्ड मेड़ल जीतकर घर पहुंचे बेटे को माता-पिता ने सीने से लगा लिया। आदित्य के घर में खुशी का माहौल है।
उर्दू जुबान अलग ही छाप छोड़ती है: अरशद
मुजफ्फरनगर। स्काईलार्क एजूकेशन वेलफेयर सोसाइटी ने उर्दू जुबान को लेकर एक सेमीनार का आयोजन किया। शहर के एक होटल में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डॉ अरशद इकबाल ने कहा कि उर्दू जुबान अपने बेशुमार अल्फाजों से जानी जाती है। उर्दू हिंदुस्तान की आम बोलचाल में इस्तेमाल होने वाली जुबान है। गली कूचों से लेकर मोहल्लों और बाजारों तक उर्दू जुबान का असर देखने को मिलता है। डॉ शादाब तबस्सुम ने उर्दू पर रोशनी डालते हुए कहा कि उर्दू आज रोजी रोटी का माध्यम भी बनी है। प्रोफेसर समीना बी, अयाज अहमद, तालिब इनाम रमजी, चांदनी अब्बासी, सफीर अहमद, शाहनवाज आफताब ने विचार रखे। सदारत शायर अब्दुल हक सहर ने की। वसीम अहमद, रिहान, सुब्हान, फातिमा प्रवीन, सबा प्रवीन, सना खान आदि मौजूद रहे।