जयपुर जिले की चाकसू तहसील में रविवार को राजस्थान रोडवेज और एक प्राइवेट बस में जोरदार भिड़ंत हो गई। जिसमें बसों में सवार करीब दो दर्जन से ज्यादा सवारियां घायल हो गई। इनमें 6 लोगों के गंभीर घायल होने से उन्हें एसएमएस अस्पताल रैफर कर दिया गया।
चाकसू पुलिस ने बताया कि राजस्थान रोडवेज की टोंक डिपो की बस जयपुर से टोंक रूट पर जा रही थी। जबकि एक प्राइवेट बस टोंक से जयपुर की तरफ आ रही थी। दोनों बसें तेज रफ्तार में चाकसू तहसील के जयसिंहपुरा गांव में पहुंची। लेकिन प्राइवेट बस के सामने एक बाइक आ गई। बाइक सवार को बचाने के चक्कर में प्राइवेट बस के चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और वह बस सामने से आ रही रोडवेज बस से टकरा गई। इस जोरदार भिड़ंत से दाेनों बसों में सवार 25 से ज्यादा सवारियां घायल हो गई। इनमें गंभीर घायल छह जनों को एसएमएस अस्पताल रैफर कर दिया गया। टक्कर से दोनों बसों के आगे के हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गए है।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने मदद कर दोनों बसों में सवार यात्रियाें को बाहर निकाला। इस दौरान चाकसू पुलिस भी पहुंच गई। फिर एंबुलेंस और निजी वाहनों की मदद से घायलों को उपचार के लिए चाकसू के सेटेलाइट हॉस्पिटल पहुंचाया गया। पुलिस ने बस चालक के खिलाफ लापरवाही से बस चलाने का मामला दर्ज कर लिया है।