Patna News: होली के दिन CRPF जवानों और ग्रामीणों में भिड़ंत, मारपीट और तोड़फोड़ का आरोप
Patna News: पटना जिले के मोकामा प्रखंड के औंटा गांव में होली के दौरान सीआरपीएफ जवानों और ग्रामीणों के बीच हिंसक झड़प हो गई। ग्रामीणों ने जवानों पर मारपीट और घरों में तोड़फोड़ का आरोप लगाया, जबकि सीआरपीएफ ने कैंपस में पथराव और जवानों से मारपीट का दावा किया है।
विस्तार
पटना के बाढ़ अनुमंडल के मोकामा प्रखंड अंतर्गत औंटा गांव में बुधवार शाम सीआरपीएफ जवानों और स्थानीय ग्रामीणों के बीच हिंसक झड़प हो गई, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल पैदा हो गया।ग्रामीणों के अनुसार, गांव के युवक शांतिपूर्वक होली का अबीर खेल रहे थे। इसी दौरान लगभग सौ से अधिक की संख्या में सीआरपीएफ जवान गांव में पहुंचे और कथित तौर पर घेराबंदी कर युवकों की पिटाई शुरू कर दी, जिससे कई युवक घायल हो गए। युवक जान बचाकर मौके से भागे और परिजनों को इसकी जानकारी दी।
महिलाओं तथा बच्चियों के साथ भी की मारपीट
अपने बच्चों को पिटता देख गांव की लगभग 20-25 महिलाएं एकजुट होकर शिकायत करने सीआरपीएफ कैंप के गेट पर पहुंचीं। सभी महिलाएं सीआरपीएफ के डीआईजी से मिलकर न्याय की मांग करना चाहती थीं। आरोप है कि वहां तैनात जवानों ने उन्हें अंदर जाने से रोका और महिलाओं तथा बच्चियों के साथ भी मारपीट की, जिससे कई लोग घायल हो गए।
महिलाओं के साथ मारपीट ने बिगाड़ा माहौल
महिलाओं के साथ हुई मारपीट के बाद मामला और बिगड़ गया। बताया जा रहा है कि इसके बाद सीआरपीएफ जवानों की एक बड़ी टोली पुनः औंटा गांव में दाखिल हुई। जवानों ने घरों में घुसकर लोगों के साथ मारपीट की, जिससे कई घरों के दरवाजे और खिड़कियां क्षतिग्रस्त हो गईं तथा कई लोगों को गंभीर चोटें आईं। किसी का सिर फट गया तो किसी का हाथ टूट गया। फिलहाल पूरे औंटा गांव में भय का माहौल है। त्योहार का खुशी भरा माहौल हिंसा में बदल जाना लोगों के लिए दुर्भाग्यपूर्ण साबित हुआ।
कैसे शुरू था विवाद?
जानकारी के अनुसार, पूरा मामला होली के एक दिन पहले शुरू हुआ था। सीआरपीएफ गेट के पास कुछ युवक नशा कर रहे थे। सिविल ड्रेस में मौजूद जवानों ने उन्हें वहां नशा करने से मना किया, जिस पर विवाद बढ़ गया और दो जवानों के साथ मारपीट की गई। इसके बाद दर्जनों जवान गांव में पैदल मार्च कर लौट गए। होली के दिन शाम को सीआरपीएफ के सैकड़ों जवान गांव पहुंचे और कैंपस में पत्थरबाजी का आरोप लगाते हुए मारपीट तथा घरों में तोड़फोड़ की।
सीआरपीएफ अधिकारी ने क्या बताया?
वहीं सीआरपीएफ अधिकारी अभय कुमार ने कहा कि होली के एक दिन पहले जवानों के साथ मारपीट की गई थी और होली के दिन कैंपस में पथराव किया गया। इसके बाद जवान गांव पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि विरोध में महिलाएं सीआरपीएफ कैंप के गेट तक पहुंचीं और संतरी के साथ मारपीट कर गेट को क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद महिला सीआरपीएफ जवानों द्वारा बल प्रयोग कर महिलाओं को हटाया गया।
ये भी पढ़ें: 'राज्यसभा जाने का फैसला मुख्यमंत्री का नहीं, इस पर संदेह', मंत्री मदन सहनी के बयान ने बढ़ाई हलचल
पुलिस का क्या कहना?
हाथीदह थाना अध्यक्ष ने बताया कि सीआरपीएफ कैंपस में पथराव की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले को शांत कराया। रात में ग्रामीणों द्वारा लिखित शिकायत दी गई है, जबकि सीआरपीएफ की ओर से अब तक कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। मामले की जांच की जा रही है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.