हरियाणा के जिला सिरसा स्थित नेशनल हाईवे 10 पर मंगलवार देर रात अज्ञात वाहन की टक्कर से झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाली दिल्ली की 12 वर्षीय बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई।
शव दो घंटे तक सड़क पर पड़ा रहा और घटनास्थल पर पहुंची जेजे कॉलोनी और हुडा चौकी पुलिस ने इलाके की उलझन में दो घंटे तक शव को नहीं उठाया।
पुलिस समझ नहीं पा रही थी कि आखिर घटनास्थल किस पुलिस चौकी के क्षेत्र में आता है।
आखिरकार जेजे कॉलोनी चौकी पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
झुग्गी-झोपड़ियों में बच्ची की मौत की खबर फैलते ही कोहराम मच गया। हादसे के बाद आसपास की झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाले लोग एकाएक सड़क पर आ गए।
सड़क पर आते ही लोगों ने पुलिस के खिलाफ रोष जताना शुरू कर दिया। घटनास्थल पर पुलिस के आने पर भी लोग शांत नहीं हुए क्योंकि इलाके की उलझन में पुलिस ने दो घंटे तक शव को नहीं उठाने दिया।
मृतका पिंकी पुत्री गोहिया निवासी आजादपुर सब्जी मंडी, दिल्ली की रहने वाली थी और इन दिनों अपनी मां के साथ मौसी के पास सिरसा आई हुई थी।
पिंकी नजदीकी ढाबे पर खाना खाने के बाद अपनी मौसी लोहिया के साथ देर रात सड़क पार कर रही थी कि किसी वाहन ने अपनी चपेट में ले लिया।
लोहिया घर आ गई, लेकिन उसने पीछे मुड़कर नहीं देखा। उधर, परिजनों की आंख खुली तो पिंकी बिस्तर पर नहीं थी तलाश किया तो शव सड़क पर पड़ा था।
हादसे के बारे में पुलिस को सूचना दी गई। लोहिया डबवाली रोड पर चौ.दलबीर सिंह स्टेडियम के सामने सड़क किनारे बनी झुग्गियों में रहती है।
उधर, एएसपी राजेंद्र कुमार मीणा का कहना है कि उन्हें ऐसी कोई जानकारी नहीं है, ऐसा हुआ है तो मामले की जांच करवाई जाएगी।