UP: पत्नी की 'दुबई वाले' से चैटिंग विवाद में दी जान, पिता की बॉडी पर 22 चोटें, बेटी का सिर धड़ से मिला अलग
Unnao News: पत्नी के किसी शख्स से व्हाट्सएप चैट करने और ससुराल वालों के उत्पीड़न से तंग आकर विकास गुप्ता ने अपनी बेटी वेदिका के साथ ट्रेन के आगे कूदकर जान दी। पुलिस ने सुसाइड नोट के आधार पर पत्नी समेत पांच ससुराल वालों पर केस दर्ज किया है।
विस्तार
शुक्लागंज में गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के सहजनी निवासी विकास गुप्ता (45) और उनकी बेटी वेदिका (13) के खुदकुशी करने के पीछे का कारण विकास का उनकी पत्नी का किसी शख्स से व्हाट्सएप चैट करने को लेकर होने वाला विवाद बताया गया। दोनों के शव सोमवार रात नौ बजे सहजनी रेलवे क्रॉसिंग के पास कानपुर-लखनऊ रेलवे ट्रैक पर मिले थे। विकास के छोटे भाई शिवम ने अपनी भाभी पर एक युवक के संपर्क में होने का आरोप लगाया।
शिवम ने पुलिस को दी गई तहरीर में भाई के ससुराल वालों पर भाई और भतीजी की हत्या कर शव रेलवे ट्रैक पर फेंकने का भी आरोप लगाया। सोमवार रात करीब नौ बजे सहजनी रेलवे क्रॉसिंग से 100 मीटर पहले ट्रैक पर पिता-पुत्री के क्षत-विक्षत शव मिले थे। घटना स्थल से करीब 100 मीटर दूर लावारिस कार भी मिली थी। कार नंबर के आधार पर पुलिस परिजनों तक पहुंची। कोतवाली पहुंची पत्नी शैफाली ने पति विकास गुप्ता व बेटी वेदिका के रूप में दोनों की पहचान की।
व्हाट्सएप चैटिंग के जरिये संपर्क में थी शैफाली
पूछताछ में शैफाली पुलिस के सामने चुप्पी साधे रही। घाट पर पहुंचे मकड़ीखेड़ा निवासी विकास गुप्ता के छोटे भाई शिवम ओमर ने आरोप लगाया कि भाभी शैफाली जनवरी से व्हाट्सएप चैटिंग के जरिये दुबई में रहने वाले एक युवक के संपर्क में है। इसकी जानकारी विकास को हुई थी, जिसे लेकर दोनों में झगड़े शुरू हो गए। कलह इतनी बढ़ गई विकास ने बेटी के साथ मिलकर खुदकुशी कर ली।
खुदकुशी के लिए उकसाने की रिपोर्ट दर्ज
उधर, गंगाघाट कोतवाली के कार्यवाहक प्रभारी रामबचन भारती ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद मंगलवार को मिश्रा कॉलोनी पक्का घाट पर शैफाली व उसके बड़े भाई शशांक ने दोनों शवों का अंतिम संस्कार कर दिया। वहीं, देर शाम पुलिस ने मृतक के भाई शिवम की तहरीर पर पत्नी शैफाली, ससुर राकेश गुप्ता, सास सुमन गुप्ता, साले यश व शशांक गुप्ता पर खुदकुशी के लिए उकसाने की रिपोर्ट दर्ज की है।
सुसाइड नोट में पत्नी और ससुराल वालों को बताया जिम्मेदार
ट्रेन के आगे कूदकर बेटी सहित आत्महत्या करने वाले विकास गुप्ता के पास से पुलिस को एक सुसाइड नोट मिला है। इस नोट ने जांच का रुख मृतक की पत्नी और ससुरालीजनों की तरफ मोड़ दिया है।अपर पुलिस अधीक्षक अखिलेश सिंह ने बताया कि मृतक के पास मिली कागज की पर्ची में लिखा है कि वह पत्नी और ससुरालीजनों से परेशान होकर, आत्महत्या कर रहा है। एएसपी ने मृतक की पत्नी व उसके मायके वालों से पूछताछ की जाएगी। सुसाइड नोट में लिखावट (रायटिंग) की भी जांच की जाएगी।
ठग रहा था युवक
शिवम ने बताया कि विकास ने जो शिकायत पत्र पुलिस को देने की बात कही थी उसमें उन्होंने पत्नी से चैट करने वाले युवक द्वारा चैटिंग वायरल करने का जिक्र किया है। युवक की ओर से हजारों रुपये की डिमांड पूरी न होने पर युवक न विकास के नंबर पर मैसेज भेजा। इसके बाद विकास ने पत्नी का मोबाइल चेक किया तो हकीकत पता चली। विकास ने शिवम को चैटिंग के वीडियो और फोटो भेजे थे।
विकास को पीटा था
शिवम ने बताया कि 19 फरवरी की रात विकास का पत्नी शैफाली के बीच चैटिंग को लेकर झगड़ा हुआ था। ससुराल वाले भी वहां आ गए और सभी ने मिलकर विकास को पीटा। पड़ोसी किरायेदार ने पुलिस को दी थी। पुलिस ने मामले को हल्के में लिया और दोनों पक्षों को शांत करा दिया।
पिता के शरीर पर 22 चोटें, बेटी का सिर धड़ से अलग
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में वेदिका (13) का सिर और बांया हाथ धड़ से अलग था। पिता विकास गुप्ता के शरीर पर करीब 22 चोटें मिली हैं। मूल रूप से कानपुर के कल्याणपुर निवासी विकास गुप्ता सहजनी में पत्नी शैफाली उर्फ डॉली गुप्ता और बेटी वेदिका के साथ किराये के मकान में रहते थे।
