धर्मशाला स्टेडियम को बड़ा तोहफा, फरवरी में खेला जाएगा पहला टेस्ट मैच
अनुराग ठाकुर के बीसीसीआई अध्यक्ष बनने के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला को टेस्ट मैच के रूप में बड़ा तोहफा मिला है। आईपीएल, टी-20 और वन-डे मैच की मेजबानी के बाद धर्मशाला स्टेडियम को टेस्ट मैच का ही अंतिम पड़ाव पार करना था।
बीसीसीआई ने टेस्ट मैच वेन्यू में अब धर्मशाला स्टेडियम को भी शामिल कर लिया है। धर्मशाला में पहला टेस्ट मैच फरवरी 2017 में होगा। वीरवार को बीसीसीआई ने छह नए टेस्ट मैच वेन्यू की घोषणा की। इसमें धर्मशाला को भी शामिल किया गया।
फरवरी 2017 में भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच टेस्ट सीरीज का एक मैच धर्मशाला में खेला जाएगा। अनुराग ठाकुर ने धर्मशाला को पहला टेस्ट मैच मिलने पर खुशी जताई और हिमाचल की जनता को इसकी बधाई दी है।
उन्होंने कहा कि धर्मशाला स्टेडियम में अब क्रिकेट प्रेमी टेस्ट मैच का भी लुत्फ उठा सकेंगे। एचपीसीए की कड़ी मेहनत के बाद धर्मशाला स्टेडियम को वर्ष 2015 में टेस्ट मैच का तमगा मिला था।
अक्तूबर में न्यूजीलैंड के साथ वन-डे मैच
धर्मशाला स्टेडियम इससे पहले इंग्लैंड, दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज के साथ तीन वन-डे मैचों की मेजबानी कर चुका है। वहीं, इसके अलावा नौ आईपीएल मैच और वर्ष 2016 में टी-20 वर्ल्ड कप मैचों की मेजबानी भी धर्मशाला स्टेडियम कर चुका है।
अक्तूबर में न्यूजीलैंड के साथ वन-डे मैच
बीसीसीआई की ओर से जारी शेड्यूल के अनुसार इसी साल अक्तूबर-नवंबर में न्यूजीलैंड से होने वाली वन-डे सीरीज का एक मैच भी धर्मशाला को मिला है। हालांकि, अभी तक मैच की तारीख तय नहीं हो पाई है।
वर्ष 2013 में मिला था पहला वन-डे
वर्ष 2000 में अनुराग ठाकुर एचपीसीए के अध्यक्ष बने। उसके बाद एचपीसीए स्टेडियम का निर्माण हुआ। 2005 में पहली बार पाकिस्तान के साथ बोर्ड एकादश का प्रैक्टिस मैच हुआ। इसके बाद वर्ष 2009 में पहली बार आईपीएल के मैच हुए। वर्ष 2013 धर्मशाला स्टेडियम में इंग्लैंड के साथ पहला वन-डे मैच खेला गया।