रहें अलर्ट, ये है एटीएम ठगी का सबसे नया तरीका
एटीएम में कार्ड बदलकर और तिल्ली फंसाकर पैसे निकालने के मामले आपने बहुत सुने होंगे। मगर ये मामला जरा हटकर है। एटीएम चोरी की वारदातों के बाद उपभोक्ता अलर्ट तो हो रहे हैं लेकिन शातिर अभी भी उनसे दो कदम आगे हैं।
शिमला में एटीएम ठगी का ऐसा ही मामला सामने आया है जो आपने पहले कभी नहीं सुना होगा। ग्राहक से बिना कार्ड और पिन नंबर लिए ही शातिर ने उसके एटीएम अकाउंट से हजारों रुपए निकाल लिए।
इसका पता तब चला जब मोबाइल पर मैसे आया कि आपके खाते इसे हजारों रुपए निकाले जा चुके हैं। आइए हम आपको बताते हैं शातिर ने कैसे अंजाम दी है पूरी वारदात..
महिला के अकाउंट से निकाले पैसे
ठगी का यह मामला शिमला के मालरोड के स्कैंडल प्वाइंट पर स्टेट बैंक आफ पटियाला के एटीएम में एक महिला के साथ सामने आया। शातिर ने महिला को नए अंदाज में ठगा। पुलिस के अनुसार यह महिला लोअर बाजार में दुकान करती है।
यह पीएनटी कालोनी के पास रहती है। शातिर ने उसे बीस हजार का चूना लगाया और फरार हो गया। महिला के मोबाइल नंबर पर जब एटीएम से पैसों के निकलने का मैसेज आया तब महिला को अपने साथ हुई ठगी का पता चला।
महिला ने स्टेट बैंक आफ पटियाला में इस बात की जानकारी दी। मामला पुलिस तक पहुंच गया है और आरोपी युवक की सीसीटीवी फुटेज पुलिस के सपुर्द कर दी है।
ऐसे अंजाम दी वारदात
पुलिस के मुताबिक शुक्रवार सुबह करीब पौने दस बजे महिला ने एटीएम से आठ हजार रुपये निकाले। इसके पीछे लाइन में एक लड़का खड़ा था उसने चुपके से उसका पासवर्ड देख लिया।
महिला पैसा और एटीएम निकाल कर जाने लगी तो शातिर ने कहा कि एटीएम का प्रोसेस अभी चल रहा है आप एक बार फिर से एटीएम में कार्ड डालकर निकाल लें तब यह बंद हो जाएगा। महिला उसकी बातों में आ गई और कार्ड एटीएम में डालने के बाद फिर निकाल लिया।
इसके बाद महिला चली गई इसके बाद आरोपी ने तुरंत पासवर्ड डालकर महिला के खाते से 20 हजार निकाल लिए और चंपत हो गया। डीएसपी सिटी बलबीर सिंह ने कहा कि शिकायत के आधार पर छानबीन की जा रही है , बैंक प्रबंधन से फुटेज ले लिए गए हैं आरोपी की तलाश की जा रही है।
ऐसे भी अंजाम देते हैं वारदात
पुलिस विभाग के मुताबिक धोखे से एटीएम मशीन से रुपये निकालने की घटनाओं में कई बार मशीन के साथ छेड़छाड़ की जाती है। इस तरह की धोखाधड़ी करने के लिए ज्यादातर मशीनों के बटन खराब किए जाते हैं।
बदमाश कैंसल के अथवा दूसरे बटन पर ऑल पिन या काड़ी लगाकर उसे जाम कर देते हैं। उपयोग के दौरान ग्राहक प्रक्रिया पूरी कर देते हैं लेकिन एक बटन नहीं दबने से पैसा बाहर नहीं आता।
बदमाश उस पिन को निकालकर बटन दबाकर प्रक्रिया पूरी कर लेते हैं। लेनदेन पूरा नहीं होने पर तुरंत बैंक को जानकारी दें। एटीएम मशीन का उपयोग करने वाले अधिकतर लोग जल्दी में रहते हैं। रकम निकालने के बाद उनका ध्यान रसीद प्राप्त करने और नोट गिनने में ज्यादा होता है। वे कैंसल का बटन दबाना पर ध्यान नहीं देते।
यहां एटीएम से मिले उपकरण
वहीं, ऊना जिले के साथ सटे एक बैंक के एटीएम से कुछ संदिग्ध मशीनी उपकरण बरामद होने से अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने इस घटना को लेकर मामला दर्ज कर लिया है। इस केस से संबंधित युवकों को पूछताछ के लिए बुलाया गया।
हालांकि प्रारंभिक जांच में यही खुलासा हुआ कि युवक एक निजी कंपनी के सर्विस सेंटर में काम करते हैं। गैस कटर व अन्य उपकरणों को उन्होंने कुछ देर के लिए एटीएम के पास छोड़ दिया था। जानकारी के अनुसार जिला पुलिस की टीम कालेल रोड पर बीती रात गश्त पर थी।
इसी दौरान पुलिस कर्मियों ने एक एटीएम में झांक कर देखा तो वहां कुछ मशीनी उपकरण पड़े थे। जिनमें गैस कटर व ड्रिलिंग मशीन आदि शामिल थी। बीते दिनों ऊना जिला में सिलसिलेवार एटीएम तोड़फोड़ और कैश लूट की घटनाओं के मद्देनजर पुलिस एकाएक सक्रिय हो गई। पुलिस ने तमाम उपकरणों की जांच कर उन्हें अपने कब्जे में ले लिया और पड़ताल शुरू कर दी।