चाय पीने से भी हो सकती है गुर्दे में पथरी
टमाटर, पालक और दूध पीने से पथरी बनती है यह गलत धारणा है। यदि हर तीन घंटे में पानी पिया जाए, नमक, चाय, कॉफी और ड्राई फ्रूट (मेवा) कम खाया जाए तो पथरी बनने की संभावना कम हो जाती है।
एसजीपीजीआई के यूरोलॉजी विभाग के डॉ. अनिल मंधानी ने यह जानकारी शुक्रवार को यूरोलॉजी एंड न्यूट्रीशन विषय पर आयोजित सिम्पोजियम में दी।
डॉ. अनिल मंधानी ने बताया कि एक बार गुर्दे में पथरी बनने पर 50 फीसदी दोबारा बनने की संभावना रहती है।
ऐसे में पथरी की प्रकृति जानने के लिए रक्त और मूत्र का परीक्षण कर देखा जाता है कि कैल्शियम या आक्जलेट की कितनी मात्रा है।
यहां देखें, अहम जानकारी
70 से 80 प्रतिशत लोगों में पथरी ऑक्जलेट व कैल्शियम से बनती है। जांच में देखा जाता है कि पथरी में कौन से पदार्थ है।
इसके बाद मरीज को उन तत्वों वाले खाद्य पदार्थ कम खाने की सलाह दी जाती है। डॉ. मंधानी ने बताया कि जिस परिवार में किसी को पथरी पहले हो चुकी होती है उनमें इसकी आशंका अधिक रहती है।
यही नहीं आक्सेलोवेक्टर फरमीजीन बैक्टीरिया जिन व्यक्तियों में कम होते हैं उनमें पथरी बनने की आशंका बढ़ जाती है। यह बैक्टीरिया आक्जलेट को डिग्रेड कर देता है जिससे पथरी नहीं बनती है।