पति की हैवानियत: पत्नी की हत्या की, आठ घंटे तक उसके शव के साथ सोता रहा युवक; इस बात पर रातभर हुआ था झगड़ा
अंकित ने पत्नी निशा की गला दबाकर हत्या कर दी। उसने खुदकुशी दिखाने का प्रयास किया, पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। विस्तार से पढ़ें पूरी खबर-
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दक्षिण-पूर्व जिले के कालिंदी कुंज थाना क्षेत्र में युवक ने अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी और फिर 12 घंटे से ज्यादा उसके शव के साथ सोता रहा। दोपहर में उसकी आंख खुली तो उसने पत्नी की मौत को खुदकुशी दिखाने की कोशिश की थी। मगर पुलिस के सामने उसकी चालाकी ज्यादा समय तक नहीं चली और कालिंदी कुंज थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पत्नी आरोपी को शराब पीने के लिए सिर्फ मना कर रही थी। पत्नी निशा प्रवीण की मौत को लेकर मुस्लिम समुदाय के लोगों ने हंगामा व थाने का घेराव किया। परिजनों ने निशा के साथ गैंगरेप करने व दूसरे समुदाय होने के कारण हत्या का आरोप लगाया था। अब पूरी की जांच पूरी हो गई है।
दक्षिण-पूर्व जिला पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों ने जो आरोप लगाए हैं वह सही नहीं पाए गए हैं। महिला के साथ किसी तरह का दुष्कर्म नहीं हुआ है और न ही मारपीट हुई है। जिला पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ये घटना जैतपुर इलाके में पिछले सप्ताह सामने आई है।
फेज-2 जेजे कॉलोनी मदनपुर खादर निवासी निवासी अंकित (25) ने 23 अगस्त, 2025 को यहीं रहने वाली निशा (19) से प्रेम विवाह किया था। पुलिस अधिकारियों के अनुसार पांच व छह जून की रात 10 बजे अंकित अपने दो दोस्तों के साथ बैठकर घर से बाहर शराब पी रहा था। निशा ने अंकित के पास जाकर शराब पीने से मना कर दिया। अंकित ने उसे कुछ देर में आने की बात कहकर वापस भेज दिया।
रातभर होता रहा झगड़ा
रात 12 बजे तक जब अंकित घर नहीं पहुंचा तो निशा फिर उसके पास गई। यहां पर निशा व अंकित में झगड़ा होने लगा। झगड़ा-झगड़ा करते दोनों घर पहुंच गए। यहां पर दोनों में रात भर झगड़ा होता रहा। रात करीब दो बजे उसने निशा का गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद उसके शव के साथ सो गया। हालांकि उसे नशे में पता था कि उसने निशा को मार दिया है।
दहाड़ मार-मार कर रोने का किया नाटक
अगले दिन दोपहर दो बजे उसकी आंख खुली। इसके बाद उसने निशा की मौत को खुदकुशी दिखाने का प्रयास किया। उसने पंखे में उसकी चुन्नी बांध दी और उसके बाद घर से बाहर आकर शोर मचाने लग गया कि उसकी पत्नी ने खुदकुशी कर ली है। उसने पत्नी को पंखे में लगे फांसी के फंदे से उतारा है। इसके बाद आरोपी दहाड़ मार-मार कर रोने लग गया।
एसडीएम जांच हुई
निशा की मौत की सूचना कालिंदी कुंज थाना पुलिस को दी गई। एसडीएम जांच भी की गई। इसके बाद पुलिस ने अंकित से कड़ाई से पूछताछ की तो उसने सच उगल दिया। इसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्जकर आरोपी अंकित को गिरफ्तार कर लिया। निशा के शव का पोस्टमार्टम करने वाले डाक्टरों ने पुलिस अधिकारियों को हत्या की ओर इशारा किया।
अब जांच पूरी हुई
जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार, निशा की मौत को लेकर उसके परिजन व मुस्लिम समुदाय के कुछ लोगों ने हंगामा किया और हत्या करने का आरोप लगाया। इस मामले में पुलिस ने अलग से जांच शुरू की। अंकित के दोस्तों से पूछताछ की गई। आसपास के लोगों से पूछताछ की गई।
साथ ही एसडीएम की रिपोर्ट भी आ गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अब जांच पूरी हो गई है। निशा की हत्या में अंकित के अलावा और किसी की भूमिका नहीं है और न ही दूसरे समुदाय होने की कोई मुद्दा नहीं है।