हाईवे-44 पर शहर के मोहल्ला खिरकापुरा में सोमवार सुबह ट्रक से कुचलकर बाइक सवार की मौत और उसके साथी के गंभीर रूप से घायल होने की घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। फुटेज में हाईवे कट से सड़क पार करते समय तेज रफ्तार ट्रक बाइक सवारों को टक्कर मारते और कुचलते हुए फरार होता दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ट्रक की पहचान कर उसकी तलाश में जुट गई है। मोहल्ला खिरकापुरा निवासी टिंकू उर्फ दिनेश अपने साथी जितेंद्र के साथ सोमवार सुबह खेत से घर लौट रहा था। खिरकापुरा तिराहा के पास हाईवे-44 पर बने कट से दोनों सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी और टिंकू उर्फ दिनेश को कुचल दिया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि जितेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद झांसी रेफर किया गया था। घटना के बाद पुलिस ने जांच के दौरान हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें पूरा हादसा कैद हो गया। फुटेज में स्पष्ट दिख रहा है कि जैसे ही दोनों बाइक से हाईवे पार कर रहे थे, तेज रफ्तार ट्रक उन्हें टक्कर मारते हुए कुचलकर तेजी से फरार हो जाता है। सीसीटीवी फुटेज का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अनुराग अवस्थी ने बताया कि फुटेज के आधार पर ट्रक की पहचान कर उसकी तलाश की जा रही है।