आदर्श केंद्रीय कारागार नाहन में सजायाफ्ता कैदियों को अब कंप्यूटर का ज्ञान भी दिया जाएगा। केंद्रीय कारागार प्रबंधन व इंडिया विजन फाउंडेशन एवं इनरव्हील पांवटा साहिब के संयुक्त तत्वावधान में डिजिटल लिटरेसी प्रोग्राम के तहत कैदियों को कंप्यूटर प्रशिक्षण का कार्यक्रम शनिवार से शुरू किया है। प्रथम चरण में यहां 6 कंप्यूटर और फर्नीचर स्थापित किए गए हैं। विशेषज्ञ 20 कैदियों के बैच को कंप्यूटर प्रशिक्षण प्रदान करेंगे। हर तीन महीने बाद बैच बदलेगा। कारागार के अधीक्षक भानु प्रकाश शर्मा ने बताया कि कैदियों को स्वावलंबी बनाने के मकसद से अलग-अलग कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। इसके पीछे कैदियों को काम में व्यस्त रखना व उन्हें नए विषयों की जानकारी देना मकसद है। जेल के भीतर कार वॉशिंग सेंटर, बेकरी समेत अन्य कार्य कैदियों की ओर से किए जा रहे हैं और आर्थिक रूप से कैदी मजबूत हो रहे हैं तो वहीं अब कैदियों को कंप्यूटर का प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए भी नई मुहिम शुरू की गई है। उन्होंने बताया कि प्रथम चरण में छह कंप्यूटर स्थापित कर दिए गए हैं। पहले तीन महीने के बैच में 20 कैदी प्रशिक्षण प्राप्त करेेंगे। इसके बाद अगले तीन महीने अन्य 20 कैदियों के बैच को प्रशिक्षित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि आज का युग डिजिटल युग है और डिजिटल उपकरण हर घर में हैं। ऐसे में इनकी जानकारी होना जरूरी है। उन्होंने इस दौरान संस्थाओं का भी इस नेक कार्य के लिए आभार प्रकट किया। उन्होंने बताया कि कंडा जेल के बाद नाहन दूसरी जेल है जहां कंप्यूटर का प्रशिक्षण कैदी लेंगे।