सिविल लाइंस थानाक्षेत्र के दीन दयाल नगर फेस टू में रविवार सुबह पार्क में क्रिकेट खेल रहे सातवीं के छात्र की करंट लगने से मौत हो गई। पार्क के बीचोबीच बने फव्वारा में गेंद चली गई थी। गेंद उठाने के लिए छात्रा जैसे ही फव्वारा में पहुंचा तो उसे करंट लग गया। इकलौते बेटे की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
अवंतिका कालोनी निवासी हिमांशु गुप्ता जिला महिला अस्पताल में क्लर्क के पद पर तैनात हैं। उनके 12 वर्षीय बेटे हर्षवर्धन गुप्ता ने इस साल डीपीएस से सातवीं कक्षा पास की थी। परिवार में पत्नी सोना गुप्ता और एक बेटी परी गुप्ता है। रविवार सुबह हर्षवर्धन दीन दयाल नगर फेस टू स्थित सर्वोदय पार्क में क्रिकेट खेलने गया था।
रविवार की छुट्टी की वजह से पार्क में काफी बच्चे खेल रहे थे। सुबह साढ़े आठ बजे हर्षवर्धन की गेंद खेलते समय पार्क के बीच बने फव्वारा में चली गई थी। जिसमें बिजली का नंगा तार पड़ा था। छात्र ने जैसे ही फव्वारा में पैर रखा उसे जबरदस्त करंट लगा और वह चिपक गया।
बच्चों के शोर पर लोग निकल आए और तार हटाकर बच्चे को निकाला। छात्र के पिता हिमांशु और दादा कमल किशोर गुप्ता छात्र को लेकर निजी अस्पताल पहुंचे, लेकिन डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने बिना पोस्टमार्टम कराए ही छात्र के शव का अंतिम संस्कार कर दिया है। दोपहर बाद लोग पार्क में जुट गए और उन्होंने इस हादसे के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया। बच्चे के दादा ने थाने में लिखित शिकायत की है।