रायबरेली हाईवे पर तेलीबाग बाजार की सड़क चौड़ी करने का काम एक महीने में शुरू हो जाएगा। टू लेन की इस सड़क को सिक्स लेन बनाया जाएगा।
इसके चलते सड़क की दोनों तरफ 15-15 मीटर तक हुए निर्माण ढहाए जाएंगे। जनवरी के प्रथम सप्ताह में अतिक्रमण हटाने के लिए बड़े पैमाने पर अभियान चलाया जाएगा।
इसे लेकर जल्द ही पीडब्ल्यूडी और नगर निगम संयुक्त रूप से नए सिरे से निशानदेही करेंगे। इस सड़क के चौड़ीकरण से खासतौर पर पीजीआई और रायबरेली आने-जाने वाले वाहनों का रास्ता सुगम होगा।
रायबरेली मार्ग पर सबसे ज्यादा जाम तेलीबाग बाजार के आसपास ही लगता है। सप्ताह में दो बार मंगलवार और शनिवार को यहां बाजार लगता है।
ऐसे में तकरीबन दिनभर ही जाम की स्थिति रहती है। दिसंबर-2011 में यहां पर अतिक्रमण ढहाया गया था। सड़क के बीचोबीच से दोनों तरफ 15-15 मीटर में जो भी निर्माण थे।
उन पर लाल निशान लगा कर ढहाने की कार्रवाई की गई। हालांकि भारी विरोध के चलते अभियान पूरी तरह से कामयाब नहीं हो सका था। अब एक बार फिर से सड़क चौड़ी करने के लिए तोड़फोड़ शुरू होगी।