प्रशिक्षु शिक्षकों की भर्ती के तहत प्रदेश में अब तक 32,526 ने जॉइन कर लिया है। वहीं 15 जिलों ने दूसरे चरण में नियुक्ति पत्र देने के लिए विज्ञापन निकाल दिया है। शासन ने अन्य जिलों के बेसिक शिक्षा अधिकारियों को भी जल्द मेरिट जारी कर नियुक्ति पत्र जारी करने का निर्देश दिया है।
और पढ़ें
गौरतलब है कि प्रदेश में सुप्रीमकोर्ट के निर्देशानुसार 72,825 पदों पर प्रशिक्षु शिक्षकों को नियुक्ति पत्र दिया जाना है। दूसरे चरण में 29 जनवरी से पांच फरवरी तक नियुक्ति पत्र जारी किए जाने हैं।
शासन ने अब तक मेरिट जारी न करने वाले 60 जिलों के बेसिक शिक्षाधिकारियों को जल्द मेरिट जारी कर नियुक्ति पत्र देने की कार्यवाही पूरी कराने को कहा है। प्रशिक्षु शिक्षकों को नियुक्ति पत्र पाने के एक सप्ताह में कार्यभार ग्रहण करना होगा।
लंबे इंतजार के बाद दूसरी लिस्ट जारी
इसके अलावा सुल्तानपुर जिले में टीईटी उत्तीर्ण बीएड योग्यताधारी प्रशिक्षु शिक्षक भर्ती प्रक्रिया में दूसरी चक्र की कट ऑफ मेरिट लंबे इंतजार के बाद आखिरकार सोमवार को जारी कर दी गई।
दूसरे चक्र में मेरिट नीचे आने का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों को झटका लगा है। ज्यादातर वर्ग/श्रेणी में मात्र दो अंक तक ही मेरिट घटी है। शिक्षाधिकारियों ने सूची जारी करते हुए बीएसए व डायट कार्यालय पर चस्पा करने के साथ विभागीय वेबसाइट पर भी डाउनलोड करा दिया है।
प्रशिक्षु शिक्षक भर्ती प्रक्रिया के तहत जिले को 1400 पद आवंटित है। पहले चरण में सभी वर्ग में मात्र 411 अभ्यर्थियों ने ही नियुक्ति पत्र प्राप्त किया है। इस हिसाब से जिले में आवंटित पद के सापेक्ष 989 पद रिक्त हैं। इतने पदों के लिए द्वितीय चक्र में नियुक्ति पत्र वितरण होना है।
प्रशिक्षु शिक्षक भर्ती प्रक्रिया में द्वितीय चक्र में नियुक्ति पत्र वितरण का कार्य 29 जनवरी से ही शुरू होना था। बावजूद इसके अभ्यर्थियों को लंबा इंतजार करना पड़ा। शासनादेश के पांचवें दिन जिले में द्वितीय चक्र के लिए कट ऑफ मेरिट जारी हुई है।
मेरिट में आने वाले अभ्यर्थियों को मंगलवार को डायट से नियुक्ति पत्र का वितरण किया जाएगा। हालांकि, मेरिट घटने का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों निराशा हुई है। ज्यादातर वर्ग व श्रेणी में मेरिट मात्र दो अंक तक ही घटी है।
इतनी गिरी मेरिट
पुरुष वर्ग में सामान्य कला में 125 की जगह 123 व विज्ञान में 124 की जगह 121 मेरिट आई है। पिछड़ा वर्ग कला में 122 में 121 व विज्ञान में 124 से घटकर 121 कट ऑफ निर्धारित हुआ है। इसी तरह महिला वर्ग में सामान्य कला में 118 की जगह 115 व विज्ञान में 119 की जगह 116 और पिछड़ी जाति में कला में 112 की जगह 109 व विज्ञान में 113 की जगह 108 तक मेरिट गिरी है।
‘आज डायट से होगा नियुक्ति पत्र का वितरण’
बीएसए रमेश यादव ने बताया कि द्वितीय चक्र में नियुक्ति पत्रों का वितरण मंगलवार को डायट से किया जाएगा। सुबह 10 बजे से काउंटर खोल दिए जाएंगे। महिला व पुरुष अभ्यर्थियों के लिए अलग-अलग काउंटर बनाए गए हैं। खंड शिक्षाधिकारियों के नेतृत्व में नियुक्ति पत्रों का वितरण होगा। सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
ये अभिलेख लाएं साथ
प्राइमरी के पटल सहायक लाल बहादुर ने बताया कि तैनाती/पदास्थापन आदेश (नियुक्ति पत्र) लेने के लिए पात्र अभ्यर्थियों को आवेदन एवं काउंसलिंग के समय प्रस्तुत समस्त प्रमाण पत्रों के मूल अभिलेख व एक स्व हस्ताक्षरित छायाप्रति लेकर आना होगा। अभिलेखों में शैक्षिक/प्रशिक्षण संबंधी उपाधियां, अध्यापक पात्रता परीक्षा 2011 प्रमाण पत्र, निवास, जाति, निशक्त, भूतपूर्व सैनिक, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रित संबंधी प्रमाण पत्र, पहचान पत्र व नोटरी शपथ पत्र लाने होंगे।
यहां फिर शुरू हुआ नियुक्ति पत्र देने का सिलसिला
नई मेरिट सूची के आधार पर अंबेडकरनगर जिले में प्रथम चरण में प्रशिक्षु शिक्षकों की तैनाती के लिए रविवार से एक बार फिर से नियुक्ति पत्र देने का सिलसिला शुरू हो गया। मुख्यालय स्थित बीएसए कार्यालय से टीईटी उत्तीर्ण डिग्रीधारियों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए। कुल 421 अभ्यर्थी नियुक्ति के लिए पात्र पाए गए थे, जिन्हें प्रशिक्षु शिक्षक के तौर पर तैनात किया जाना है।
तमाम माथापच्ची के बाद अंतत: प्रशिक्षु शिक्षक की भर्ती के प्रथम चरण के लिए नियुक्ति पत्रों का वितरण रविवार से फिर हुआ। इससे पहले बीते माह में नियुक्ति पत्र का वितरण शुरू हुआ था, लेकिन दूसरे ही दिन मेरिट लिस्ट बदल दिए जाने के कारण नियुक्ति पत्र वितरण की प्रक्रिया को रोक दिया गया था।
नई मेरिट सूची को लेकर तमाम शिकायतें डीएम से की गईं, जिस पर डीएम विवेक ने मेरिट सूची को निरस्त कर नए सिरे से इसे तैयार करने का निर्देश दिया। इसकी जिम्मेदारी बीएसए दलसिंगार यादव व एसडीएम आलापुर आरपी राम को सौंपी गई।
बाद में एसडीएम भीटी एसके वैश्य को लगाया गया, जिसके बाद तमाम गड़बड़ियों को दूर कर नई सूची तैयार की गई। इसमें 421 अभ्यर्थी पात्र पाए गए। इन्हें नियुक्ति पत्र देने का सिलसिला एक बार फिर से रविवार दोपहर बाद शुरू हुआ।
बीएसए ने बताया कि इन 421 पात्रों में से 258 अभ्यर्थी पहले ही नियुक्ति पत्र ले जा चुके हैं। वे स्कूलों में भी पहुंच गए हैं। अन्य पात्र अभ्यर्थियों को अब नियुक्ति पत्र दिए जा रहे हैं। यह प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी।
शुरू हुई ज्वाइन करने की प्रक्रिया
इसके अलावा बलरामपुर जिले में बेसिक शिक्षा कार्यालय के परिसर में बनाए गए 10 काउंटरों पर सोमवार को नियुक्त पत्र लेने के लिए प्रशिक्षु शिक्षक दिन भर जुटे रहे। देर शाम तक 228 प्रशिक्षु शिक्षकों को नियुक्ति पत्र देकर प्राथमिक स्कूलों में सहायक अध्यापकों के पदों पर जॉइन करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वर्गवार काउंटरों पर नियुक्ति पत्रों का वितरण किया गया है। पांच फरवरी तक नियुक्ति पत्र बांटा जाएगा।
ये बातें बीएसए/डायट प्राचार्य जय सिंह ने सोमवार को बेसिक शिक्षा कार्यालय में खंड शिक्षाधिकारियों से प्रशिक्षु शिक्षकों के नियुक्ति पत्र वितरण की रिपोर्ट लेते हुए कहीं।
उन्होंने बताया कि सभी खंड शिक्षाधिकारियों को प्रशिक्षु शिक्षकों को नियुक्ति पत्र वितरित करने के लिए काउंटरवार जिम्मेदारी सौंपी गई है। टेबुल एक पर खंड शिक्षाधिकारी हृदय शंकर लाल श्रीवास्तव, दो पर कपिल देव द्विवेदी, तीन पर जितेन्द्र बहादुर चौधरी, चार पर महेन्द्र कुमार, पांच पर सुंदर लाल रावत, छह पर रणजीत कुमार, सात पर रामशंकर, आठ पर उदयशंकर चौधरी और नौ पर उदयभान यादव ने प्रशिक्षु शिक्षकों को नियुक्ति पत्रों का वितरण किया।
कार्यालय परिसर के गेट पर बनाए गए 10वें काउंटर पर वरिष्ठ सहायक अनूप कुमार श्रीवास्तव, जिला समन्वयक सामुदायिक सहभागिता निरंकार पांडेय व जिला समन्वयक निर्माण एनके सिंह आदि द्वारा प्रशिक्षु शिक्षकों की शिकायतों का निस्तारण कराया गया।
बीएसए ने बताया कि सभी प्रशिक्षु शिक्षकाें को तत्काल प्राथमिक स्कूलों में जॉइन करने का निर्देश दिया है। शासन के निर्देशानुसार पांच फरवरी तक प्रशिक्षु शिक्षकों को नियुक्ति पत्र बांटा जाएगा।