Dhanbad Gas Leak: तीन जगहों से रिसाव, दो की मौत...छह हजार लोग खतरे में; दहशत से परिवारों का पलायन हुआ शुरू
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, धनबाद/रांची
Published by: शबाहत हुसैन
Updated Fri, 05 Dec 2025 11:21 AM IST
सार
Dhanbad Gas Leak: केंदुआडीह में तीन स्थानों से जहरीली गैस का लगातार रिसाव होने से हड़कंप मचा है। दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि दो दर्जन से अधिक लोग बीमार हैं। प्रशासन और बीसीसीएल राहत व नियंत्रण कार्य में जुटे हैं।
धनबाद जिले के केंदुआडीह खनन एरिया में जहरीली गैस का खतरनाक संकट गहराता जा रहा है। इलाके के तीन स्थानों जीएम बंगाल के पास, नया डेरा नंबर-1 गेट और केंदुआ नंबर-5 से लगातार गैस का रिसाव हो रहा है, जिससे छह हजार से अधिक लोग प्रभावित हैं। रात के समय रिसाव बढ़ने से दहशत फैल गई है। अब तक दो महिलाओं की मौत हो चुकी है, जबकि दो दर्जन से अधिक लोग सिरदर्द, घबराहट और बेचैनी की शिकायत के बाद अस्पतालों में भर्ती हैं। हालात बिगड़ने पर कई परिवार सुरक्षित जगहों की ओर पलायन कर रहे हैं।
बीसीसीएल के सीओ विकास आनंद ने बताया कि गैस रोकने के लिए तकनीकी प्रयास जारी हैं और प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि रिसाव की तीव्रता पहले की तुलना में कम हुई है।
धनबाद के डीसी आदित्य रंजन ने कहा कि वैज्ञानिक टीम गैस की प्रकृति जांच रही है। रिसाव वाले क्षेत्रों में मिट्टी भराई का काम चल रहा है और माइकिंग के जरिए लोगों को घर खाली करने की अपील की जा रही है। फिलहाल प्रभावित परिवारों को ओल्ड बंगला परिसर में रखा गया है और तीन एंबुलेंस स्टैंडबाय में तैनात हैं। डीसी ने पुष्टि की कि कार्बन डाइऑक्साइड और कार्बन मोनोऑक्साइड का रिसाव हो रहा है।
इधर, ग्रामीणों ने बीसीसीएल पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि जमीन के नीचे वर्षों से धधकती आग के बावजूद समय रहते कदम नहीं उठाए गए। ग्रामीणों ने स्थायी पुनर्वास और रोजगार की मांग की है।