भारत की आजादी का जश्न इस बार लंदन में खास रहेगा। लंदन स्थित भारतीय उच्चायोग में आयोजित होने वाले भारत महोत्सव कार्यक्रम में राजस्थानी बैंड स्वरलहरियां बिखेरेगा। यह मौका मिला है मशहूर राजस्थान हैरिटेज ब्रास बैंड को।
इस बैंड के करीब एक दर्जन कलाकार इस महोत्सव में अपनी प्रस्तुति देंगे। बैंड की संस्थापक और निर्देशक फरजाना नियाजी ने बताया कि लंदन में 20 से 27 अगस्त तक आजादी का खास जश्न मनाया जाएगा। भारत महोत्सव के दौरान लंदन की धरती पर भारत भूमि का गुणगान होगा। उन्होंने बताया कि इसके लिए बैंड ने खास तैयारी की है। इसमें बैंड की ओर से ऊंचा रहे तिरंगा हमारा, जान से भी प्यारा हिन्दुस्तान हमारा जैसे देशभक्ति गीत तैयार किए हैं।
दानिश नियाजी ने बताया कि कलाकारों का दल 20 मई को लंदन में पहला कार्यक्रम देगा। जिसमें हजारों भारतीय भी मौजूद रहेंगे। कलाकारों का यह दल इससे पहले लंदन में ही 23 मई से 26 जून तक ग्लेस्टोनबरी फेस्टिवल में भी भारतीय संगीत की प्रस्तुति देगा। इस टूर के दौरान यह दल करीब चार महीनों तक कार्यक्रम प्रस्तुत करेगा।
टूर के दौरान कलाकार ग्लास हाउस सेंटर फेस्टिवल, इंटरनेशनल फेस्टिवल, कैंब फेस्टिवल, फील गुड फेस्टिवल, जस्ट सो फेस्टिवल सहित फोक फेस्टिवल में शिरकत करेंगे। कलाकार मोहम्मद रमजान ने बताया कि उनका मकसद विदेशी धरती पर राजस्थानी संगीत का परचम लहराना है।