दौलतपुर चौक (ऊना)। गगरेट विधानसभा के तहत पंचायत चुनाव के प्रथम चरण में जहां युवाओं और महिलाओं में मतदान को लेकर उत्साह देखने को मिला, वहीं बुजुर्ग मतदाताओं के जज्बे ने सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। उम्र और शारीरिक परेशानियां भी लोकतंत्र के प्रति उनके हौसले को कमजोर नहीं कर सकीं। कोई व्हीलचेयर पर मतदान केंद्र पहुंचा तो कोई लाठी के सहारे चलकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने आया। मतदान केंद्रों पर सुबह से ही कई परिवार अपने बुजुर्ग माता-पिता और दादा-दादी को स्वयं मतदान केंद्र तक लेकर पहुंचे। बुजुर्ग मतदाता जय सिंह ने कहा कि चुनाव लोकतंत्र का पर्व है और वोट डालना हर नागरिक का कर्तव्य है। जब तक शरीर में सांस है, तब तक मतदान जरूर करेंगे। लोगों ने कहा कि बुजुर्गों की यह भागीदारी युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत है। मतदान केंद्रों पर प्रशासन की ओर से व्हीलचेयर और अन्य सुविधाओं की व्यवस्था भी की गई थी ताकि बुजुर्गों और दिव्यांग मतदाताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
और पढ़ें