नेपाल की आबोहवा में भी नमो-नमो है। यहां भी भारत के लोकसभा चुनावों की खूब चर्चा हो रही है। केंद्र में नरेंद्र मोदी ही हैं।
और पढ़ें
लोग भाजपा को कम जानते हैं, मोदी के नाम से ज्यादा वाकिफ हैं। नेपाली हिंदुओं में भारत के चुनाव के प्रति काफी दिलचस्पी है। यहां के लोगों में धारणा बनी है कि मोदी पीएम बनते हैं तो भारत बेहतर तरीके से नेपाल के हितों की भी रक्षा करेगा।
उत्तराखंड के सीमावर्ती जिले चंपावत से बनबसा पहुंचते ही दूसरे देश में जाने अहसास होने लगता है। शारदा नदी पर बने विशालकाय बांध के ऊपर बना पुल पुराने जमाने की याद दिलाता है।
पुल सें एक बार में एक ही चार पहिया वाहन गुजर सकता है। नेपाल में प्रवेश के बाद कुछ ही देर में कंचनपुर जनपद का मुख्यालय महेंद्रनगर आ जाता है। कंचनपुर जिले में चार संसदीय सीटें हैं। चारों पर नेपाली कांग्रेस का कब्जा है।
मोदी से नेपाली व्यापारियों को उम्मीद
लोग भारत में बनने वाली अगली सरकार से ढेरों अपेक्षाएं पाए हुए हैं। हालांकि कुछ लोगों की सोच यह भी है कि मोदी पीएम बने तो नेपाल में फिर राजशाही का दौर शुरू हो सकता है। लेकिन एक बात पर सभी सहमत दिखते हैं कि ऐसी सूरत में भारतीय बाजार में चीन के बजाय नेपाल की भागीदारी बढे़गी।
मुख्य बाजार में ही कपड़ा व्यापारी मणिराम पांडे गर्मजोशी से बताते हैं कि साब इस बार तो इंडिया में मोदी लहर है, वही प्रधानमंत्री बनेगा।
यह नेपाल के हित में होगा। इंडिया से रोटी-बेटी का संबंध है। जब क्रिकेट मैच होता है तो हम भारत के जीतने की कामना करते हैं।
मोदी जैसा पीएम होना जरूरी
यहां के लोग भारत-नेपाल की सीमा पर बेरोक-टोक आवाजाही चाहते हैं। कहते हैं कि शारदा नदी पर बने इंडो-नेपाल बार्डर के गेट के खुलने का समय बढ़ना चाहिए। यह अभी चार घंटे ही खुलता है। रिश्ते और व्यापार दोनों ही नजरिये से यह अच्छा होगा।
संजीव चंद्र खुद तो नेपाली कांग्रेस से जुड़े हैं लेकिन कहते हैं कि भारत में मोदी को पीएम बनना चाहिए। भारत से बेशुमार उम्मीदें हैं।
मसलन नेपाली यात्रियों को भारतीय कस्टम से छूट मिले, शारदा बैराज के गेट का समय बढ़े आदि-आदि। कहते हैं इसके लिए मोदी जैसे पीएम का होना जरूरी है।
महेंद्रनगर व्यापार मंडल के अध्यक्ष गणेश जोशी कहते हैं कि इंडिया में भाजपा को पूर्ण बहुमत मिलेगा और मोदी प्रधानमंत्री होंगे। सरिता सिंह पेशे से शिक्षिका हैं। उनके पति कांतिपुर न्यूजपेपर में जर्नलिस्ट हैं। पूछने पर बोलीं कि भारत का अगला पीएम मोदी होगा। जब पूछा कि वह किस राजनीतिक दल से है तो कहती हैं कि यह तो नहीं पता लेकिन वही पीएम बनेगा।
नेपाली मीडिया में मोदी की धूम
नेपाल के दैनिक समाचार पत्रों में भी मोदी की धूम है। हर रोज मोदी से संबंधित समाचार प्रकाशित हो रहे हैं। नेपाली भाषा के कांतिपुर, नागरिक, हिन्दी डेली गोरखापत्र, इंग्लिश डेली काठमांडू पोस्ट, नेपाल गवर्नमेंट का राइजिंग नेपाल समाचार पत्र में मोदी की खूब धूम है।
यहां एक संसदीय सीट में पचास हजार वोट
नेपाल के डिस्ट्रिक्ट कंचनपुर में चार संसदीय सीट हैं। चारों पर कांग्रेस के एनपी साउद, दीवान बिष्ट, रमेश लेखा व बहादुर सिंह थापा सांसद है। हर सीट में पचास हजार वोटर है। पिछली बार साठ प्रतिशत मतदान हुआ था। इसके अलावा जिले से ही सात नामित सांसद हैं। इन्हें सरकार नियुक्त करती है।