सुकमा जिले के किस्टाराम थाना क्षेत्र के कुम्माडोंग जंगल-पहाड़ी इलाके में सुरक्षा बलों ने नक्सलियों द्वारा पूर्व में छिपाकर रखे गए हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक सामग्री का डम्प बरामद किया है। पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई आत्मसमर्पण कर चुके पूर्व नक्सलियों से मिली सूचना के आधार पर की गई।
पुलिस ने बताया कि जिले में सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से लगातार सर्चिंग एवं एरिया डॉमिनेशन अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 29 मई 2026 को जिला पुलिस बल ने कुम्माडोंग क्षेत्र में तलाशी अभियान संचालित किया। सर्चिंग के दौरान जवानों ने एक डम्प स्थल का पता लगाया, जहां से हथियार और अन्य सामग्री बरामद की गई।
बरामद सामग्री में एक इंसास रायफल, 49 इंसास कारतूस, 12 एसएलआर कारतूस, 27 .303 कारतूस, 16 आठ एमएम कारतूस, 7 मस्केट कारतूस और 7 बारह बोर कारतूस शामिल हैं। इसके अलावा दो बंडल कॉर्डेक्स वायर (करीब 30 मीटर), तीन इंसास मैग्जीन, छह वायरलेस सेल, एक पोच और एक स्टील डब्बा भी जब्त किया गया है। पुलिस का कहना है कि यह सामग्री नक्सली संगठन द्वारा पूर्व में जंगल क्षेत्र में छिपाकर रखी गई थी। बरामदगी के बाद सभी सामग्री को सुरक्षित कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। जिला पुलिस सुकमा ने कहा है कि क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने तथा नक्सल गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।