Electricity Crisis: डीपीएच में पैनल में खराबी से बिजली गुल, मंडुवाडीह में जल गया ट्रांसफॉर्मर; ट्रिपिंग जारी
Varanasi News: वाराणसी में डीपीएच के पैनल में खराबी और मंडुवाडीह क्षेत्र में ट्रांसफॉर्मर जलने से कई इलाकों की बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। गर्मी बढ़ने के साथ लोकल फाल्ट और ट्रिपिंग की समस्या भी बढ़ गई है। शहर की करीब 10 कॉलोनियों में सबसे अधिक बिजली कटौती और बार-बार ट्रिपिंग से उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
Varanasi News: वाराणसी में तापमान बढ़ने के साथ ही बिजली आपूर्ति व्यवस्था पर दबाव बढ़ गया है। हालात यह हैं कि ग्रामीण क्षेत्रों की अपेक्षा शहर में बिजली कटौती और ट्रिपिंग की समस्या अधिक देखने को मिल रही है। खासकर रात के समय बार-बार फाल्ट और आपूर्ति बाधित होने से लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। सोमवार को शहर की 10 से अधिक कॉलोनियों में ट्रिपिंग और बिजली गुल रहने की शिकायतें सामने आईं।
सोमवार को तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण अधिकतम तापमान करीब एक सप्ताह बाद फिर 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचकर 41.2 डिग्री दर्ज किया गया। बढ़ती गर्मी के चलते एसी, कूलर और पंखों का उपयोग बढ़ने से बिजली की मांग भी बढ़ गई है। इसी बीच डीपीएच उपकेंद्र के पैनल में तकनीकी खराबी आ जाने से सुबह 7:30 बजे से 9 बजे तक कई इलाकों की बिजली आपूर्ति ठप रही।
लोगों को हुई परेशानी
पैनल में खराबी के कारण केराकतपुर, लोहता, भिटारी, इंद्रपुरी कॉलोनी, महेशपुर ब्लॉक रोड, लहरतारा, डीहबाबा, उत्तरी ककरमत्ता समेत कई क्षेत्रों में बिजली गुल रही। इसके अलावा मंडुवाडीह सब्जी मंडी और कैंट स्टेशन के आसपास भी सुबह लगभग आधे घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही।
दोपहर करीब 2:30 बजे मंडुवाडीह सब्जी मंडी के पास हाल ही में लगाए गए नए ट्रांसफॉर्मर से तेज आवाज आने के बाद वह खराब हो गया और क्षेत्र की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। सूचना मिलने पर विद्युत विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन आपूर्ति बहाल करने में एक घंटे से अधिक समय लग गया। इस दौरान स्थानीय लोगों को गर्मी और उमस के बीच काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
उधर शिवाजीनगर कॉलोनी, गोकुलनगर, शीलनगर, चेतगंज, महमूरगंज सहित कई इलाकों में दिनभर बिजली की आवाजाही बनी रही। लगातार ट्रिपिंग और फाल्ट से उपभोक्ताओं में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि गर्मी के मौसम में बिजली व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए विभाग को प्रभावी कदम उठाने चाहिए, ताकि बार-बार होने वाली कटौती से राहत मिल सके।