प्रीति के मोदी प्रेम ने मां और मामा के उड़ाए होश
प्रीति जिंटा के बनारस में नरेंद्र मोदी के पक्ष में दिए गए बयान से न केवल उनके घरवाले बल्कि पूरी शिमला कांग्रेस मुश्किल में पड़ गई है।
सिने तारिका की मां और मामा दोनों ने ही शनिवार को इस बयान के बाद खडे़ हुए सियासी बवाल पर सफाई देते हुए कहा कि प्रीति ने नरेंद्र मोदी के पक्ष में कोई बयान नहीं दिया।
प्रीति जल्द ट्वीटर पर अपनी स्थिति साफ करेगी। दरअसल शिमला में प्रिटी का परिवार कांग्रेस से जुड़ा है।
वीरभद्र सिंह के करीबी हैं मामा
प्रीति के सगे मामा यशवंत छाजटा न केवल हिमाचल अर्बन डेवलपमेंट अथारिटी (हिमूडा) के उपाध्यक्ष हैं बल्कि कांग्र्रेस के शिमला लोकसभा सीट के समन्वयक भी हैं।
उन्हें मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का करीब के रूप में जाना जाता है। प्रीति की मां नीलप्रभा जिंटा ने शनिवार को मुंबई से ‘अमर उजाला’ से बातचीत में कहा - बनारस में मेरी बेटी मेरे साथ थी।
प्रीति ने नरेंद्र मोदी के पक्ष में कोई बात नहीं की। उसने हर आदमी को बढ़-चढ़कर वोट देने की बात जरूर की। लेकिन उसकी बात को मीडिया में तोड़ मरोड़ के पेश किया गया।
नहीं दिया मोदी के पक्ष में बयान
नीलप्रभा जिंटा ने कहा कि प्रीति ने तो यह भी कहा था कि उनका परिवार हिमाचल में कांग्रेस से जुड़ा है। इस ओर तो किसी का कोई ध्यान ही नहीं गया। प्रीति के मामा ने भी कहा कि उनकी प्रिटी से बात हुई है।
प्रीति ने न तो नरेंद्र मोदी पर कोई बात की है। और न ही अनुराग ठाकुर के लिए किसी प्रचार में आने को लेकर कुछ कहा है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष केहर सिंह खाची, ‘मैं नहीं समझता कि प्रीति जिंटा ने नरेंद्र मोदी के पक्ष में ऐसा कोई बयान दिया है। लेकिन इन सफाइयों के बावजूद देर शाम तक ट्वीटर पर प्रीति की सफाई नहीं आई।