एचपीयू ने जारी की हॉस्टल आवंटन की दूसरी सूची, 162 को मिला छात्रावास
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय ने नए शैक्षणिक सत्र में पीजी कोर्स में प्रवेश लेने वाले छात्र-छात्राओं को छात्रावास आवंटन की दूसरी सूची जारी कर दी है। इसमें 162 आवेदनकर्ता विद्यार्थियों को विभाग वार तय सीटों पर मेरिट के आधार पर छात्रावास आवंटित कर दिए गए हैं।
नए सत्र के लिए कुल खाली हुई 683 सीटों में से पहली आवंटन सूची में 450 विद्यार्थियों को छात्रावास आवंटित कर दिया गया था। इनमें 270 छात्राओं, जबकि 180 छात्रों को हॉस्टल आवंटित कर दिया गया था। दूसरी सूची में 107 छात्राओं, जबकि 55 छात्रों को छात्रावास मेरिट के आधार पर आवंटित कर दिए गए हैं।
विवि के चीफ वार्डन प्रो. नैन सिंह ने बताया कि मेरिट के आधार पर छात्रावास आवंटन की दूसरी सूची जारी कर आवंटन की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है । अब इस सत्र में खाली हुई कुल 683 सीटों में से सिर्फ 71 सीटें शेष रही हैं।
इन सीटों पर प्रवेश की प्रक्रिया पूरी करने को शेष बचे बीएड, एमएड और कॉमर्स जैसे विभागों में प्रवेश पाने वाले छात्र छात्राओं को विभाग के लिए तय सीटों और मेरिट के आधार पर सीट आवंटन कर छात्रावास सुविधा दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि अब विवि के पास एक छात्रावास और कम हो गया है। विवि में मौजूदा समय में 14 छात्रावास हैं। इनमें छात्राओं के छात्रावास में कुल 1081 सीटें हैं, जबकि छात्रों के चार छात्रावासों में 583 सीटें हैं।
कुल मिलाकर विवि के पास विद्यार्थियों के लिए 1664 सीटें ही हैं, जिनमें आधी से अधिक कंटीन्यूशन में रहती हैं, करीब 600 सीटें ही हर सत्र में खाली हो पाती हैं। उन्होंने बताया कि इक्डोल भवन में चल रहे आईटीएच छात्रावास को बंद करने से करीब 70 से अधिक सीटें कम हो गई थी।
एमफिल और पीएचडी कोर्स पूरा करने वालों के छात्रावास खाली करने पर जो भी सीटें खाली होंगी, वहां समय आने पर मेरिट आधार पर छात्रावास आवंटन किया जाता है।