Rose Day History: फरवरी आते ही हवा में गुलाब की खुशबू घुलने लगती है। प्रेम के इसी महीने की शुरुआत 7 फरवरी को रोज डे से होती है। यह सिर्फ एक फूल देने का दिन नहीं, बल्कि भावनाओं को बिना बोले कह देने की परंपरा है। शब्द जहां चूक जाते हैं, वहां गुलाब बोलता है। रोज डे याद दिलाता है कि प्यार जताने के लिए बड़ा मौका नहीं, एक छोटा-सा गुलाब ही काफी है। यही वजह है कि रोज डे आज के समय में युवाओं से लेकर विवाहित जोड़ों तक, सबके लिए खास बन चुका है।
लेकिन आपके मन में भी यह सवाल उठ रहा है कि रोज डे को मनाने की शुरुआत क्यों हुई और कैसे इस दिन को प्रेम के सप्ताह से जोड़ दिया गया? या इस दिन का वैलेंटाइन डे से क्या नाता है? तो इन सवालों के जवाब यहां दिए जा रहे हैं। आइए जानते हैं रोज डे का इतिहास और महत्व।
रोज डे का इतिहास
रोज डे की जड़ें सीधे किसी एक ऐतिहासिक घटना से नहीं जुड़ीं, लेकिन इसका संबंध पश्चिमी प्रेम परंपराओं से माना जाता है। प्राचीन यूनान और रोम में गुलाब को प्रेम की देवी एफ्रोडाइट (Aphrodite) और वीनस (Venus) से जोड़ा जाता था। वहां गुलाब प्रेम, सौंदर्य और आकर्षण का प्रतीक था।
आधुनिक दौर में, खासकर 20वीं सदी के अंत से जब वेलेंटाइन वीक को व्यावसायिक और सांस्कृतिक पहचान मिली, तब रोज डे को प्रेम सप्ताह के पहले दिन के रूप में स्वीकार किया गया। भारत में यह परंपरा 1990 के बाद लोकप्रिय हुई। बाद में सोशल मीडिया और युवा संस्कृति ने इसे नया विस्तार दिया।
कभी यह दिन सिर्फ प्रेमियों तक सीमित था, आज यह सेल्फ-लव, दोस्ती, और परिवार के रिश्तों तक फैल चुका है। लोग खुद को भी गुलाब गिफ्ट कर रहे हैं, यह संकेत है कि समाज अब प्रेम को केवल रोमांस तक सीमित नहीं रखता।
रोज डे का महत्व
रोज डे का असली अर्थ सिर्फ गुलाब देना नहीं, बल्कि भावनाओं को सम्मान देना है। गुलाब के रंग यहां शब्द बन जाते हैं,
- लाल गुलाब: सच्चा प्यार और जुनून
- गुलाबी गुलाब: अपनापन और प्रशंसा
- पीला गुलाब: दोस्ती और खुशी
- सफेद गुलाब: शांति, सम्मान और नई शुरुआत
आज के तेज, डिजिटल रिश्तों में रोज डे एक ठहराव देता है जहां कोई स्टेटस नहीं, सिर्फ एक सादा-सा गुलाब काफी होता है।
वेलेंटाइन डे से रोज डे का नाता
रोज डे, वेलेंटाइन वीक की पहली सीढ़ी है। 7 फरवरी से शुरू होकर यह सप्ताह 14 फरवरी, वेलेंटाइन डे तक पहुंचता है।
- 7 फरवरी: रोज डे
- 8 फरवरी: प्रपोज़ डे
- 9 फरवरी: चॉकलेट डे
- 10 फरवरी: टेडी डे
- 11 फरवरी: प्रॉमिस डे
- 12 फरवरी: हग डे
- 13 फरवरी: किस डे
- 14 फरवरी: वेलेंटाइन डे