'दिल्ली पुलिस मूर्ख या कर रही है राजनीति'
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अपनी सुरक्षा को लेकर दिल्ली पुलिस और केंद्र सरकार पर राजनीति करने का आरोप लगाया है। सुरक्षा लेने से इंकार करते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें भगवान पर पूरा भरोसा है।
रविवार को पार्टी की पॉलिटिकल कमेटी की बैठक के थोड़ी देर बाद सोशल मीडिया पर ट्वीट करके अरविंद केजरीवाल ने पहले कहा कि केंद्र सरकार और दिल्ली पुलिस उनकी सुरक्षा को लेकर राजनीति कर रही है।
दूसरे ट्वीट में कहा कि दिल्ली पुलिस के अधिकारी उनसे दोपहर बाद मिले और उन्हें लेकर मिली धमकी की जानकारी दी। लेकिन उससे पहले ही यह बात मीडिया में डिसक्लोज कर दी गई।
'मैं अपनी जिंदगी को लकर नहीं डरता'
तीसरे ट्वीट में उन्होंने कहा कि दिल्ली पुलिस क्या ऐसा करके उन्हें असुरक्षित घोषित करना चाहती है। पुलिस का कहना है कि कोई भी उन पर हमला कर सकता है जो कि आईएम के आतंकी यासीन भटकल का आदमी होगा।
चौथे ट्वीट में उन्होंने कहा कि क्या दिल्ली पुलिस इतनी मूर्ख है या वह उनके साथ राजनीति कर रही है।
आगे ट्वीट करके केजरीवाल ने कहा कि वे अपनी जिंदगी को लेकर नहीं डरते। उन्हें भगवान पर पूरा भरोसा है, इसलिए वे कोई भी सुरक्षा नहीं लेंगे। अपने आखिरी ट्वीट में उन्होंने कहा कि वे दिल्ली पुलिस से गुजारिश करते हैं कि वह जो सुरक्षाकर्मी उनकी सुरक्षा में लगाना चाहते हैं, उसे आम आदमी की सुरक्षा में लगाएं।
अलर्ट के बाद सीएम आवास छावनी में तब्दील
इंडियन मुजाहिदीन द्वारा अपहरण किए जाने के आईबी के एलर्ट के बाद गाजियाबाद पुलिस ने भी दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के घर को छावनी में तब्दील कर दिया।
आला अधिकारियों के निर्देश के बाद रविवार शाम एएसपी परवेंद्र सिंह और सीओ इंदिरापुरम गिरनार अपार्टमेंट स्थित आवास पहुंचे और अपार्टमेंट में जाने वाले हर व्यक्ति की चेकिंग के निर्देश दिए। देर शाम अपार्टमेंट को छावनी में तब्दील कर दिया गया।
आईबी ने एलर्ट जारी किया है कि इंडियन मुजाहिदीन एक आतंकवादी को छुड़ाने के लिए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का अपहरण कर सकता है।
सुरक्षा कड़ी करने के निर्देश
सीओ रणविजय सिंह ने बताया कि आला अधिकारियों की ओर से अरविंद के घर और आसपास सुरक्षा कड़ी करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके बाद सभी सुरक्षाकर्मियों को निर्देश दिए गए हैं कि अपार्टमेंट में जाने वाले हर व्यक्ति की सघन जांच की जाए। बाहर से आने वाली गाड़ियों की भी चेकिंग की जाएगी।
हालांकि रविवार शाम तक अरविंद के घर के आसपास की सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश नहीं मिले हैं। एएसपी परवेंद्र सिंह ने सुरक्षा का जायजा लिया और गिरनार अपार्टमेंट को छावनी में तब्दील कर दिया जाएगा। सोमवार को पीएसी भी तैनात की जा सकती है।