{"_id":"69a85eb8e926cd624705ef23","slug":"clash-between-two-groups-in-dindori-over-minor-dispute-dindori-news-c-1-1-noi1225-4015615-2026-03-04","type":"story","status":"publish","title_hn":"डिंडोरी में सड़क पर संग्राम: रामबाई धर्मशाला के सामने दो गुटों में जमकर मारपीट, इलाके में मची अफरा-तफरी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
डिंडोरी में सड़क पर संग्राम: रामबाई धर्मशाला के सामने दो गुटों में जमकर मारपीट, इलाके में मची अफरा-तफरी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, डिंडोरी
Published by: डिंडोरी ब्यूरो
Updated Thu, 05 Mar 2026 10:22 AM IST
विज्ञापन
सार
डिंडोरी में रामबाई धर्मशाला के सामने दो गुटों के बीच मामूली कहासुनी मारपीट में बदल गई। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लात-घूंसे बरसाए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत कराया। कुछ लोगों को हल्की चोटें आईं, जांच जारी है।
रामबाई धर्मशाला के सामने बवाल
- फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
विस्तार
डिंडोरी शहर में बुधवार की शाम को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत रामबाई धर्मशाला के सामने दो गुटों के बीच अचानक झड़प हो गई। देखते ही देखते मामूली कहासुनी ने उग्र रूप ले लिया और दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे पर लात-घूंसे बरसाने लगे। घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
Trending Videos
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शुरुआत में दोनों पक्षों के बीच किसी बात को लेकर बहस हो रही थी। कुछ ही मिनटों में विवाद इतना बढ़ गया कि बात हाथापाई तक पहुंच गई। सड़क किनारे हो रही इस मारपीट को देखकर राहगीर रुक गए और मौके पर भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन गुस्से में दोनों पक्ष एक-दूसरे पर हमला करते रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के पहुंचने से पहले ही कुछ लोग वहां से हट गए थे, जबकि कुछ को समझाइश देकर शांत कराया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों पक्षों के कुछ लोगों को हल्की चोटें आई हैं। हालांकि किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।
फिलहाल विवाद की असली वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट और गाली-गलौज के आरोप लगाते हुए थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि विवाद किस कारण से शुरू हुआ और किसकी भूमिका ज्यादा रही।
पढ़ें: मार्च की शुरुआत में ही तपने लगा मध्यप्रदेश, होली पर 37 डिग्री के पार पहुंचा प्रदेश का पारा
रामबाई धर्मशाला क्षेत्र शहर का व्यस्त इलाका माना जाता है, जहां दिनभर लोगों की आवाजाही बनी रहती है। ऐसे स्थान पर इस तरह की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए हैं। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि छोटी-छोटी बातों पर झगड़े की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं, जिससे आम लोगों में असुरक्षा की भावना पैदा हो रही है।
पुलिस ने दोनों पक्षों को सख्त चेतावनी देते हुए भविष्य में शांति बनाए रखने की समझाइश दी है। साथ ही क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की बात भी कही जा रही है ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। फिलहाल मामला जांच के अधीन है और पुलिस का कहना है कि तथ्य सामने आने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। शहरवासियों की नजर अब इस बात पर है कि प्रशासन इस मामले में आगे क्या कदम उठाता है।

कमेंट
कमेंट X