{"_id":"89836be6751ab1be29d5f6eb887a46bf","slug":"bjp-congress-in-mp-assembly-election-results","type":"story","status":"publish","title_hn":"MP: बीजेपी की हैट्रिक, कांग्रेस को सदमा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
MP: बीजेपी की हैट्रिक, कांग्रेस को सदमा
अमर उजाला, दिल्ली
Updated Sun, 08 Dec 2013 06:07 PM IST
विज्ञापन
विज्ञापन
मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के तमाम दावों की हवा निकालते हुए शिवराज सिंह चौहान की अगुवाई में बीजेपी लगातार तीसरी बार सरकार बनाने जा रही है।
Trending Videos
शिवराज के जादू के आगे कांग्रेस के सारे सपने चूर हो गए। 230 सीटों पर हुए चुनाव में भाजपा ने 139 सीटों पर जीत हासिल कर ली है। अभी भी भाजपा को कई और सीटें मिलने की संभावना है। वैसे पहले ही भाजपा ने बहुमत (116) का आंकड़ा पार कर लिया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
खुद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान विदिशा और बुधनी दोनों सीटों से जीतने में कामयाब रहे।
शिवराज ने बुधनी से कांग्रेस के महेंद्र सिंह चौहान को 84,805 मतों से हराया। विदिशा सीट पर शिवराज ने कांग्रेस के शशांक भार्गव को 16,966 मतों से शिकस्त दी।
शिवराज कैबिनेट के कई मंत्री हारे
हालांकि शिवराज कैबिनेट के कई प्रमुख मंत्री चुनाव हार गए हैं, फिर भी भाजपा ने 2008 से भी ज्यादा सीटें हासिल करके कांग्रेस को करारा झटका दिया।
शिवराज मंत्रिमंडल के करणसिंह वर्मा, लक्ष्मीकांत शर्मा, रामकृष्ण कुसुमारिया, अनूप मिश्रा, अजय बिश्नोई, केएल अग्रवाल, हरिशंकर खटीक जैसे मंत्री चुनाव हार गए हैं।
छिंदवाड़ा जिले के चौराई सीट पर भाजपा के रमेश दुबे ने कांग्रेस के चौधरी गंभीर सिंह को 13,631 मतों से शिकस्त दी। वहीं होशंगाबाद जिले के सोहागपुर सीट पर विजयपाल सिंह ने कांग्रेस के ही रणवीर सिंह 28,891 वोटों से पराजित किया।
पढ़ें, शिवराज ने कहा, अब दिल्ली दूर नहीं
नहीं दिखा सिंधिया का करिश्मा
कांग्रेस ने शिवराज सिंह चौहान के मुकाबले ज्योतिरादित्य सिंधिया को चुनाव प्रचार की कमान सौंपी थी लेकिन वे कोई करिश्मा करने में नाकामयाब रहे। कांग्रेस के कई बड़े नेताओं को भी हार की मुंह खानी पड़ी।
कांग्रेस के धाकड़ नेता सुरेश पचौरी भी भोजपुर से 18,000 मतों के बड़े अंतर से चुनाव हार गए। वहीं कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह के बेटे जयवर्धन सिंह भले ही चुनाव जीत गए, लेकिन राजगढ़ जिले की सीटों पर भाजपा ने बड़ी सफलता हासिल की।
भाजपा और कांग्रेस के कई मौजूदा विधायक भी चुनाव हार गए हैं। उमा भारती के भतीजे राहुल सिंह खरगापुर से चुनाव हार गए। भाजपा की राज्यसभा सदस्य मायासिंह ग्वालियर से चुनाव हार गई हैं।
उमा भारती ने शिवराज को बधाई दी
उमा भारती और नरेंद्र मोदी ने शिवराज सिंह चौहान को शानदार प्रदर्शन पर बधाई दी है।
जीत के बाद शिवराज सिंह ने पत्रकारों से कहा, 'यह मध्य प्रदेश की जनता की जीत है। यह हमारे संगठन की जीत है। मैं हमेशा की तरह प्रदेश की जनता के लिए काम करता रहूंगा।'
इस मौके पर शिवराज भाजपा के वरिष्ठ नेताओं का नाम लेना नहीं भूले। उन्होंने कहा कि लालकृष्ण आडवाणी, राजनाथ सिंह, नरेंद्र मोदी, उमा भारती और प्रदेश अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर विशेष बधाई के पात्र हैं।
शिवराज ने अपनी खुशी ट्विटर पर भी जाहिर की। उन्होंने कहा, 'अब दिल्ली दूर नहीं है। अब और मेहनत करके 2014 का आम चुनाव जीतने का वक्त है।'
हार ने कांग्रेस को झकझोरा
कांग्रेस महासचिव मोहन प्रकाश ने कहा, 'कांग्रेस पार्टी चुनावों का विश्लेषण करेगी। जनता ने जो जनादेश दिया है, वह उसे मान्य करती है और एक अच्छे विपक्ष की भूमिका निभाने का प्रयास करेगी।'
कांग्रेस प्रवक्ता रवि सक्सेना ने कहा, ‘ये नतीजे इस बात का संकेत है कि हम नौजवानों और महिलाओं को यह बताने में विफल रहे कि कांग्रेस उनके लिए ज्यादा बेहतर काम कर सकती है।‘
मोदी की सभाओं से भी फायदा
ग्वालियर-चंबल में भाजपा ने अपेक्षा से बेहतर प्रदर्शन किया है। वहीं मालबा में भी भाजपा ने कई सीटें कांग्रेस से छीन ली।
भाजपा में शिवराज सिंह चौहान, प्रदेशाध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर और संगठन मंत्री अरविंद मेनन की तिकड़ी की रणनीति मध्य प्रदेश में सफल रही।
शिवराज सिंह चौहान ने अपने कामकाज को आधार बनाया था। वहीं भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार और गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी ने 14 सभाएं कर युवाओं को लुभाने में मदद की।
भाजपा ने इस विधानसभा चुनाव में करीब 45 विधायकों के टिकट काटे थे जिनमें दो मंत्री शामिल थे।
शिवराज सिंह चौहान ने जिस तरह से भाजपा के दस सालों के कामकाज की तुलना दिग्विजय सिंह के दस सालों से की, उसका लाभ भी भाजपा को मिला।
मध्य प्रदेश में 230 विधानसभा सीटों पर हुए 25 नवंबर को चुनाव हुए थे। प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए रिकॉर्ड 71 फीसदी मतदान हुआ था।
लगभग आधा दर्जन से ज्यादा विधानसभा सीटों पर 80 फीसदी से ज्यादा वोट पड़े। सबसे ज्यादा 83 फीसदी वोट होशंगाबाद और श्योपुर जिले में पडे और सबसे कम 54 फीसदी वोट सतना जिले में।
उल्लेखनीय है कि मध्य प्रदेश में सभी ने एक स्वर से भाजपा की हैट्रिक की भविष्यवाणी की है। सभी एग्जिट पोल के सर्वेक्षण में इस बार भी बीजेपी की जीत की बात कही गई थी।
भाजपा के प्रमुख नेता:
जीते----हारे
बाबूलाल गौर----रामकृष्ण कुसमारिया
गोपाल भार्गव----लक्ष्मीकांत शर्मा
कैलाश विजयवर्गीय----अनूपमिश्रा
उमाशंकर गुप्ता----अजय बिश्नोई
रंजना बघेल----करणसिंह वर्मा
महेंद्र हार्डिया----केएल अग्रवाल
रंजना बघेल----हरिशंकर खटीक
कांग्रेस के प्रमुख नेता:
जीते----हारे
सत्यदेव कटारे----सुरेश पचौरी
महेंद्र सिंह कालूखेड़ा----हजारीलाल रघुवंशी
अजयसिंह----हुकमसिंह कराड़ा
संजय पाठक----निशीथ पटेल
मुकेश नायक----शिवनारायण मीणा

कमेंट
कमेंट X