भोपाल में दर्दनाक घटना: पिता की फटकार से आहत 12वीं की छात्रा ने खाया सल्फास, इलाज के दौरान मौत
भोपाल के गुनगा थाना क्षेत्र में पिता की डांट से आहत 17 वर्षीय 12वीं की छात्रा खुशी कुशवाहा ने कथित रूप से सल्फास खा लिया। गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। परिवार गहरे सदमे में है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
राजधानी के गुनगा थाना क्षेत्र में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। पिता की फटकार से आहत होकर 12वीं कक्षा की एक छात्रा ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां रविवार तड़के उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार रतुआ क्षेत्र निवासी 17 वर्षीय खुशी कुशवाहा, पिता जगदीश कुशवाहा की सबसे बड़ी संतान थी। परिवार में उसकी एक छोटी बहन और एक छोटा भाई है। खुशी ने हाल ही में 12वीं की परीक्षा प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण की थी और वह भानपुर स्थित एक निजी कॉलेज में प्रवेश लेने की तैयारी कर रही थी।
परिजनों ने बताया कि शनिवार-रविवार की दरमियानी रात खुशी मोबाइल फोन देख रही थी। इसी दौरान उसके पिता ने देर रात तक जागने और पढ़ाई को लेकर उसे डांट दिया। बताया जा रहा है कि फटकार से नाराज होकर वह बाथरूम में चली गई।
पढ़ें: ट्रक को बचाने में कार 20 फीट गहरी खाई में गिरी, किशोरी की मौत; माता-पिता घायल
कुछ देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। पूछने पर उसने परिजनों को बताया कि उसने सल्फास खा लिया है। यह सुनते ही परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने उसे बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण रविवार तड़के उसकी मौत हो गई।
सूचना मिलने पर गुनगा थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। घटना के बाद से परिवार गहरे सदमे में है। माता-पिता की मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण उनके बयान दर्ज नहीं हो सके हैं। इस घटना ने बच्चों और किशोरों में बढ़ती भावनात्मक संवेदनशीलता तथा छोटी-छोटी बातों पर गंभीर कदम उठाने की प्रवृत्ति को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

कमेंट
कमेंट X