यूपी में एटीएम मतलब ‘ऑल टाइम लूट’
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
वैसे तो एटीएम का मतलब ऑटो मेटेड टेलर मशीन है लेकिन उत्तर प्रदेश में लगातार हो रहीं लूट की घटनाओं ने एटीएम के मायने बदल दिए हैं, अब यहां एटीएम मतलब ‘एनी टाइम लूट’।
यूपी में एक के बाद एक हो रही लूट की घटनाओं से लोगों में खौफ है और लुटेरे बेखौफ होते जा रहे हैं। शनिवार को लखनऊ में दिनदहाड़े एटीएम वैन से 1.33 करोड़ रुपये की लूट हो गई।
इस घटना को कुछ ही घंटे बीते थे कि लखनऊ से कुछ किलोमीटर दूर उन्नाव में एचसीबीएल बैंक का एटीएम लूटने की कोशिश में एक सुरक्षाकर्मी पर फायर कर दिया गया।
यही नहीं कानपुर में बीते 20 दिनों के अंदर एटीएम उखाड़ने से लेकर लूटने तक की पांच घटनाएं हो चुकी हैं।
यहां उन घटनाओं पर एक नजर जिनसे जनता की नींद तो उड़ गई लेकिन पुलिस अभी भी सो रही है। सुरक्षा के नाम पर मिल रहा है तो रटा-रटाया बयान, तफ्तीश हो रही है, जल्द खुलासा होगा।
उन्नाव में एचसीबीएल एटीएम लूटने की कोशिश
उन्नाव के मोतीनगर में स्थित हिंदुस्तान कोआपरेटिव बैंक लिमिटेड (एचसीबीएल) की मुख्य शाखा मे बने बैंक के एटीएम को शुक्रवार रात करीब दो बजे बदमाशों ने लूटने की कोशिश की और गार्ड पर फायर कर दिया।
करीब पांच-छह बदमाश पहुंचे और एटीएम बूथ के भीतर सो रहे सिक्योरिटी गार्ड रामकुमार प्रजापति के साथ गाली-गलौज करके शटर खुलवाने की कोशिश की।
गार्ड को बराबर मोर्चा लेते देख बदमाशों ने एक फायर किया। जवाब में गार्ड रामकुमार ने भी शटर के नीचे से बंदूक की नाल निकाल कर जवाबी फायरिंग की।
जवाबी फायरिंग से बदमाश सकते में आ गए। आवाज सुनकर आसपास घरों के लोगों ने शोर मचाया। लोग घरों से निकल कर सड़क पर आए तो बदमाश भाग सफेद रंग की बोलेरो में बैठकर भाग निकले।
कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और तफ्तीश की तो पता चला कि वारदात को अंजाम देने से पहले बदमाशों ने सीसी टीवी कैमरे के तार और बिजली कनेक्शन काट दिया था।
कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र कुमार रघुवंशी ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर तफ्तीश की जा रही है।
लखनऊ में दिनदहाड़े बड़ी लूट से सनसनी
लखनऊ में बेखौफ बदमाशों ने हाईसिक्योरिटी जोन में एटीएम में कैश भरने वाली वैन से एक करोड़ 33 लाख रुपये लूट लिए।
वारदात शनिवार दोपहर ढाई बजे विधानसभा मार्ग पर उस समय हुई जब निजी कंपनी रायटर सेफगार्ड के कर्मचारी बैंक ऑफ बड़ौदा के एटीएम में कैश भरने पहुंचे थे।
उनके एटीएम बूथ में घुसते ही बदमाश बाहर खड़े गार्ड और ड्राइवर को बातों में उलझाकर वैन में रखा कैश से भरा बॉक्स ले उड़े। इस सनसनीखेज वारदात के खुलासे के लिए क्राइम ब्रांच, सर्विलांस, कैसरबाग कोतवाली की पुलिस सहित कई टीमें लगाई गई हैं।
रायटर सेफगार्ड कंपनी के दो कर्मचारियों, एक गनर और एटीएम बूथ के सिक्योरिटी गार्ड को हिरासत में लेकर अमीनाबाद कोतवाली में देर शनिवार रात तक पूछताछ होती रही।
कानपुर में लुटेरों के निशाने पर एटीएम
कानपुर में एटीएम लूटने की कई घटनाएं लागातार सामने आ रही हैं। पुलिस के तेज-तर्रार अफसर, क्राइम ब्रांच टीम एटीएम लूटने की कोशिश करने वालों को पकड़ना दूर उनका सुराग तक लगा पाने में नाकाम है।
इस बार भी पुलिस अफसरों ने रटा-कटाया बयान दिया है कि पुलिस और क्राइम ब्रांच टीम लगाई गई है। महाराजपुर थाने के पास लगी एक निजी कंपनी के एटीएम को बदमाश 31 दिसंबर की रात उखाड़ ले गए थे।
इसके बाद अर्मापुर में ऑर्डिनेंस फैक्ट्री के सामने शटर बंद एसबीआई के एटीएम को तोड़ने और उखाड़ने के प्रयास हुआ था। इसके पहले भी इसी एटीएम को लूटने की कोशिश हुई थी। बदमाशों ने गार्ड को घायल कर एटीएम मशीन तोड़ दी थी। पिछले साल शहर के कई और एटीएम को निशाना बनाया था।