2016 तक कैसे पूरा होगा फ्लाईओवर का काम
जम्मू का बिक्रम चौक क्षेत्र इन दिनों काफी व्यस्त है। बैरेकेटिंग के साथ लोगों को इस व्यस्ततम चौक से इधर-उधर गुजरना पड़ रहा है।
वर्ष-2012 में आधारशिला रखे जाने के बाद वर्ष-2013 नवंबर से बिक्रम चौक फ्लाईओवर का काम आरंभ किया गया जिसका काम अब तक करीब बीस फीसदी तक पूरा हो सका है।
गौरतलब है कि 1.3 किलोमीटर लंबे इस फ्लाईओवर में कुल 53 पिल्लर होंगे। इस फ्लाईओवर के लिए अब तक 15 पिल्लर तैयार हो चुके हैं, जबकि तीन पिल्लरों पर काम जारी है।
जानकारी के मुताबिक बरसात के दिनों के चलते काम-काज धीमा है।
हर तीसरे पिल्लर पर खास नजर
तैयार हो रहे फ्लाईओवर के ऊपर से हाईटेंशन तार के होने के कारण सावधानी के साथ काम करवाया जा रहा है।
इसके अलावा इस काम में कई अड़चनें भी आईं जिससे इस निर्माण कार्यकार्य में बाधक बनी जिसमें बीएसएनएल की लाइनें, पीएचई की पाइपें तथा स्ट्रीट लाइटें शामिल रहीं। हालांकि इन सबको अब व्यवस्थित कर लिया गया है।
उधर, हर निर्माण कार्य पर पूरा ध्यान तथा क्वालिटी पर पूरी नजर रखी जा रही है वहीं, हर तीसरे पिल्लर के खड़े करने के पहले वहां की जमीन की जांच गंभीरता से की जा रही है।
दिल्ली में होती है टेस्टिंग
बिक्रम चौक फ्लाईओवर प्रोजेक्ट में मात्र 1.3 किलोमीटर फ्लाईओवर शामिल है। वहीं, इसके दोनों छोर से इस फ्लाईओवर को 1.5 किलोमीटर सड़क तैयार कर जोड़ा जाएगा।
इस फ्लाईओवर में शामिल होने वाली हर निर्माण सामग्री स्टील, सीमेंट, सरिया, बेयरिंग, केबल आदि की जांच-परख दिल्ली से करवाई जा रही है और इसके बाद ही इसके निर्माण कार्य में शामिल किया जा रहा है।
क्या कहते हैं अधिकारी
ईरा के प्रोजेक्ट मैनेजर शक्ति सागर का कहना है कि फ्लाईओवर के प्रोजेक्ट पर काम जोरों पर है। 90 करोड़ की लागत से राज्य सरकार इस फ्लाईओवर का निर्माण करवा रही है। इस फ्लाईओवर के निर्माण का कार्य जुलाई 2016 में पूरा करने का लक्ष्य है।