पांच विमानों में बम की सूचना से मची अफरा-तफरी, कंट्रोल रूम में आई थी कॉल
पांच विमानों में बम रखे जाने की सूचना से मंगलवार को इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी मच गई। इनमें चार विमान ऐसे थे, जो बम की सूचना मिलने के पूर्व ही उड़ान भर चुके थे।
इनमें से एक दिल्ली से चेन्नई के लिए उड़ान भर चुके विमान को नागपुर के लिए डायवर्ट कर दिया गया और वहीं उसकी गहन जांच की गई। आईजीआई से चेन्नई के लिए उड़ान भरने वाले एक अन्य विमान से आनन-फानन में यात्रियों को उतारा गया और विमान को आइसोलेशन-बे ले जाया गया।
बम थ्रेट कमेटी बैठी और एयरपोर्ट पर फुल इमरजेंसी घोषित कर दी गई। विमान की गहन जांच देर शाम तक चलती रही। वहीं, तीनों अन्य विमान गंतव्य तक सुरक्षित लैंड किए गए। बम थ्रेट कॉल चंडीगढ़ जेट एयरवेज के कंट्रोल रूम में दोपहर 3:40 बजे के करीब आया। फौरन इसकी सूचना दिल्ली एयरपोर्ट की सुरक्षा में जुटी एजेंसी को दी गई।
चंडीगढ़ जेट एयरवेज के कंट्रोल रूम में आई थी कॉल
इस बीच दिल्ली-देहरादून विमान संख्या 9डब्ल्यू306 दोपहर 3:21 बजे उड़ान भर चुका था। इसी तरह दिल्ली-चंडीगढ़ विमान संख्या 9डब्ल्यू2657 दोपहर 3:32 बजे उड़ान भर चुका था।
वहीं, 1:53 बजे दिल्ली-गोरखपुर विमान संख्या 9डब्ल्यू2647 भी उड़ान भर चुका था।बताया जाता है कि ये तीनों विमान अपने गंतव्य तक सुरक्षित लैंड किए गए। उधर, विमान संख्या एस2-829 जो दिल्ली से चेन्नई के लिए दोपहर 3:26 बजे उड़ान भरा चुका था।
उसे नागपुर के लिए डाइवर्ट कर दिया गया, जहां उसकी गहन जांच की गई। चेन्नई जाने वाला एक अन्य विमान संख्या 9डब्ल्यू832 जो बम थ्रेट मिलने के बाद उड़ान नहीं भर सका था, उसे दिल्ली एयरपोर्ट पर ही रोक कर उसकी गहन जांच की गई।