Amar Ujala Samwad: राजनीति, सुरक्षा, खेल और मनोरंजन जगत की दिग्गज हस्तियां करेंगी शिरकत, 24 जून को रहें तैयार
देहरादून में 24 जून को होने जा रहे अमर उजाला संवाद में राजनीति, सुरक्षा, खेल व मनोरंजन जगत की दिग्गज हस्तियां शिरकत करेंगी। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, क्रिकेटर मोहम्मद कैफ, लेफ्टिनेंट जनरल राणा प्रताप और अभिनेता राकेश बेदी समेत एक दर्जन से अधिक वक्ता शामिल होंगे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जनसरोकारों की पत्रकारिता के 78 वर्ष पूरे कर 79वें वर्ष में प्रवेश कर चुका अमर उजाला 24 जून को देहरादून में अमर उजाला संवाद उत्तराखंड का आयोजन करने जा रहा है। "सतत् विकास" की थीम पर आयोजित यह संवाद उत्तराखंड के विकास, पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य, शिक्षा, खेल, संस्कृति और राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर मंथन का मंच बनेगा।
स्वर्णिम शताब्दी की ओर अग्रसर अमर उजाला इस संवाद के माध्यम से उत्तराखंड की संभावनाओं, चुनौतियों और अवसरों पर गंभीर विमर्श का द्वार खोलेगा। इस मंच पर ऐसे विशिष्ट व्यक्तित्व एकत्र होंगे जिन्होंने अपने-अपने क्षेत्र में केवल सफलता ही नहीं अर्जित की, बल्कि समाज को नई दिशा और नई सोच भी दी है।
स्वास्थ्य, सेवा और संगठन का संतुलित नेतृत्व
राजनीति में कुछ लोग पद से बड़े हो जाते हैं और कुछ अपने कार्यों से। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक मंत्री जे.पी. नड्डा उन नेताओं में शामिल हैं जिनकी पहचान प्रशासनिक दक्षता, संगठनात्मक क्षमता और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता से बनती है। देश के स्वास्थ्य ढांचे को सशक्त बनाने से लेकर आयुष्मान भारत जैसी महत्वाकांक्षी योजनाओं के विस्तार तक उनकी भूमिका लगातार महत्वपूर्ण रही है। उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच, दवाओं की उपलब्धता और सतत् विकास के बीच संतुलन कैसे स्थापित किया जाए, इस विषय पर उनके विचार नई दिशा प्रदान कर सकते हैं।
मैदान से जीवन तक संघर्ष और जुनून की मिसाल
उत्तराखण्ड भारतीय क्रिकेट के इतिहास में कुछ खिलाड़ी आंकड़ों से नहीं, बल्कि अपने जज्बे और समर्पण से याद किए जाते हैं। मोहम्मद कैफ उन्हीं चुनिंदा खिलाड़ियों में शामिल हैं। लॉर्ड्स की ऐतिहासिक जीत में उनकी पारी आज भी भारतीय क्रिकेट प्रेमियों की स्मृतियों में जीवित है। अपनी फुर्तीली फील्डिंग और अदम्य आत्मविश्वास के कारण उन्हें भारतीय क्रिकेट का "जॉन्टी रोड्स" भी कहा गया। खिलाड़ी, कोच और कमेंटेटर के रूप में क्रिकेट से लगातार जुड़े कैफ युवा पीढ़ी को यह बताते हैं कि अनुशासन, धैर्य और निरंतर मेहनत सफलता की सबसे मजबूत नींव हैं। संवाद के मंच पर वे जीत, संघर्ष और नेतृत्व के अपने अनुभव साझा करेंगे।
सीमाओं की सुरक्षा से राष्ट्रीय दृष्टि तक
राष्ट्र की सुरक्षा केवल सीमाओं पर तैनात सैनिकों की जिम्मेदारी नहीं होती, बल्कि यह पूरे समाज की सामूहिक चेतना का विषय है। लेफ्टिनेंट जनरल राणा प्रताप कलिता इसी चेतना के सशक्त प्रतिनिधि हैं। भारतीय सेना में चार दशकों से अधिक के अनुभव के दौरान उन्होंने देश की सुरक्षा व्यवस्था, सामरिक चुनौतियों और नेतृत्व की जटिलताओं को बेहद करीब से देखा और समझा है। उत्तराखंड जैसे सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण राज्य में सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और विकास के बीच संतुलन कैसे स्थापित किया जाए, इस विषय पर उनकी दृष्टि निश्चित रूप से नई सोच को जन्म देगी।
ये भी पढे़ं...अमर उजाला संवाद 2026: देवभूमि के विकास पर होगा मंथन, जेपी नड्डा, मोहम्मद कैफ समेत कई वक्ता होंगे शामिल
हंसी के पीछे छिपी जिंदगी की गहरी समझ
हाल ही में फिल्म धुरंधर के चर्चित संवाद "मेरा बच्चा है तू" के कारण एक बार फिर सुर्खियों में आए अभिनेता राकेश बेदी भारतीय मनोरंजन जगत का एक ऐसा नाम हैं जिन्होंने हास्य को केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं रखा, बल्कि उसे समाज का आईना बनाया। रंगमंच से लेकर सिनेमा और टेलीविजन तक उनका सफर अनेक यादगार किरदारों से भरा रहा है। उनकी सहज अभिनय शैली ने आम आदमी के संघर्ष, सपनों और भावनाओं को पर्दे पर जीवंत किया। संवाद में वे अपने लंबे अभिनय सफर, बदलते मनोरंजन जगत और उस संघर्ष की कहानी साझा करेंगे जो किसी कलाकार को दशकों तक प्रासंगिक बनाए रखता है।