स्पॉट फिक्सिंग: श्रीसंत ने दिया सनसनीखेज बयान, बोले- मैं 13 लोगों का नाम नहीं ले सकता
एस श्रीसंत ने स्पॉट फिक्सिंग को लेकर सनसनीखेज बयान दिया है। उनका कहना है कि मैं उन 13 लोगों का नाम नहीं ले सकता। श्रीसंत पर साल 2013 में आईपीएल में स्पॉट फिक्सिंग के चलते बैन लगा था।
विस्तार
इंडियन प्रीमियर लीग स्पॉट फिक्सिंग मामले में प्रतिबंध झेल चुके टीम इंडिया के तेज गेंदबाज श्रीसंत ने अपने एक बयान से सनसनी मचा दी है। साल 2013 आईपीएल के दौरान श्रीसंत को स्पॉट फिक्सिंग मामले का दोषी पाया गया था। एक वेब पोर्टल से बात करते हुए उन्होंने कहा, एक ओवर में 14 रन चाहिए थे गेंदबाजी मैं कर रहा था, मैनें चार गेंदों पर पांच रन दिए थे, कोई नो वाइड गेंद नहीं की, यहां तक की मेरी कोई भी गेंद धीमी नहीं थी। मेरे पैर में 12 सर्जरी के बाद मैं 130 किमी रफ्तार से ज्यादा की गेंदें फेंक रहा था। मैं भारतीय क्रिकेट टीम में वापसी के लिए कोशिश रहा था। ऐसे में मैं 10 लाख रुपये के लिए स्पॉट फिक्सिंग क्यों करूंगा।
श्रीसंत पर 2013 में लगा था बैन
आईपीएल 2013 में जब राजस्थान रॉयल्स के कुछ खिलाड़ियों का नाम स्पॉट फिक्सिंग में आया तो क्रिकेट जगत में हड़कंप मच गया था। इस दौरान सबसे ज्यादा नाम श्रीसंत का उछला था। आरोप लगने के बाद एस श्रीसंत समेत दो अन्य खिलाड़ियों अजीत चंदीला और अंकित चव्हाण को गिरफ्तार किया गया था आरोपों से मुक्त होने के बाद सर्वोच्च न्यायालय ने साल 2019 में श्रीसंत पर से आजीवन प्रतिबंध हटा दिया था।
श्रीसंत का बयान
बातचीत के दौरान श्रीसंत ने कहा, किसी पर आरोप लगाना अच्छी बात नहीं है, जब मैं 2015 में बाहर आया तो सुप्रीम कोर्ट में तेरह अन्य लोगों के नाम भी थे, मैं इतना कह सकता हूं कि मेरा परिवार दोस्त और परिजन सब मुश्किल दौर से गुजरे, वह अनुभव मौत की तरह था। उन्होंने आगे कहा अगर वह मेरे और मेरे दोस्तों के साथ होता तो मैं उन 13 दोषियों का नाम नहीं लेता, जब तक यह साबित नहीं हो जाता तो मैं किसी एक का नाम नहीं लेता।
आईपीएल में वापसी पर नजर
साल 2008 में खेले गए आईपीएल के पहले सत्र में श्रीसंत ने गेंदबाजी में कमाल करते हुए शेन वॉर्न के बराबर 19 विकेट लिए थे। वह साल 2013 से प्रतिस्पर्धी क्रिकेट से दूर हैं। डोमेस्टिक क्रिकेट में वापसी करने के बाद उन्होंने आईपीएल 2021 के लिए अपना नाम पंजीयन कराया था लेकिन उन पर किसी फ्रेंचाइजी ने दांव नहीं लगाया। इस साल मेगा ऑक्शन होना है ऐसे में श्रीसंत को उम्मीद है कि उन्हें कोई टीम खरीद सकती है।