इंडियन वुमेन के लिए बाइक बनाएगी हर्ले डेविडसन
अमेरिका की प्रमुख बाइक निर्माता कंपनी हर्ले डेविडसन इंडियन मार्केट में पैर जमाने के बाद अब भारतीय महिलाओं पर फोकस कर रही है। दुनियाभर में बाइक राइडिंग के लिए महिलाओं के बढ़ते रुझान के बाद कंपनी भारतीय महिलाओं को भी अपने संभावित ग्राहकों के रूप में देख रही है। हर्ले डेविडसन की क्रिएटिव डायरेक्टर करेन डेविडसन ने बताया कि महिलाओं का बाइक राइडिंग करना आम बात हो गई है, मैं भी ऐसा कर चुकी हूं।
करेन ने बताया कि अमेरिका में धीरे-धीरे बाइक का रजिस्ट्रेशन कराने वाली महिलाओं की तादाद में इजाफा हो रहा है। उन्होंने बताया कि हमारी कंपनी द्वारा बेची जाने वाली नई बाइक्स में 12 फीसदी महिलाओं के नाम रजिस्टर्ड होती है। करेन फिलहाल कंपनी के 110वें समारोह में हिस्सा लेने गोवा पहुंची हुई हैं। उन्होंने बताया कि अब पहले जैसा जमाना नहीं रहा है, अब महिलाएं राजनीति और खेल समेत सभी क्षेत्र में प्रवेश कर रही है।
हर्ले डेविडसन की क्रिएटिव डायरेक्टर ने बताया कि मैंने भारत में कई महिला बाइक राइडर्स से मुलाकात की। इस दौरान वुमेन बाइक राइडर्स कंपनी की बाइक के लिए काफी उत्सुक दिखाई दी। उन्होंने कहा कि भारत में भी महंगी बाइक चलाना लाइफ स्टाइल का हिस्सा बन गया है।