राजधानी देहरादून में पांच युवकों ने डरा-धमका कर 12 वर्षीय छात्रा से गैंग रेप किया। सदमे से उबरने के बाद पीड़िता ने सोमवार को घरवालों को आपबीती बताई।
और पढ़ें
परिजनों से मिली जानकारी पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पांचों युवकों को गिरफ्तार कर लिया। मामले की एफआईआर नेहरू कॉलोनी थाने में दर्ज कराई गई है।
एसएसपी सदानंद दांते ने सभी आरोपियों के गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि मंगलवार को पीड़िता के कलमबंद बयान (धारा164 सीआरपीसी) करवाए जाएंगे। उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के मुताबिक गैंगरेप के आरोप में संदीप, उदयराज, सक्षम, शक्ति और राहुल देव को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों की उम्र 20 से 24 साल के बीच है।
नेहरू कॉलोनी थानाध्यक्ष विनोद गुसांई ने बताया कि पीड़िता की मुख्य आरोपी संदीप से दोस्ती है, जिसकी मदद से बाकी आरोपियों ने इस जघन्य घटना को अंजाम दिया।
शादी समारोह के दौरान हुई आरोपी संदीप से मुलाकात
उन्होंने बताया कि दो माह पूर्व एक शादी समारोह के दौरान सातवीं कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा की मुलाकात आरोपी संदीप से हुई। संदीप शादी समारोह में डीजे लगाने आया था। दोनों में दोस्ती बढ़ी और रोजाना बातचीत होने लगी।
संदीप 27 और 28 मार्च को छात्रा को बहला-फुसलाकर एक मकान में ले गया और उससे रेप किया। उन्होंने बताया कि आरोपी संदीप ने शनिवार को फिर से छात्रा को डरा-धमकाकर रात को बुलाया।
संदीप उसे एक आरोपी की दुकान के ऊपर खाली कमरे में ले गया। जहां बाकी चारों आरोपी पहले से मौजूद थे। संदीप ने साथियों की मदद से उसे जबरन नशीला पदार्थ खिलाकर, ताकि वह चीखे-चिल्लाए नहीं। उसके नीम बेहोशी में जाने के बाद युवकों ने बारी-बारी से रेप किया।
घटना से दो दिन तक सदमे में रही छात्रा से परिजनों ने प्यार से पूछताछ की तो पीड़िता ने सोमवार को सारा राज खोल दिया। परिजन तत्काल थाने पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज करवाया।
पुलिस ने बताया कि संदीप और उदयराज शादी विवाह में डीजे का काम करते हैं, जबकि सक्षम, शक्ति और राहुल देव ने पढ़ाई छोड़ दी है। राहुल और सक्षम रिश्ते में मामा-भांजा लगते हैं। युवकों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत भी कार्रवाई होगी।