शामली। एक महिला ने गैंगरेप की फर्जी सूचना देकर पुलिस की टेंशन बढ़ा दी। पुलिस ने जांच की, तो पता चला कि जिन दो लोगों पर महिला ने गैंगरेप का आरोप लगाया है, उनसे महिला का पूर्व में विवाद चल रहा है। इसके बाद महिला भी बगैर कार्रवाई कराए लौट गई ।
रविवार दोपहर एक महिला ने इंडस्ट्री एरिया कंडेला की पुलिस चौकी पर पहुंचकर बताया कि कांधला क्षेत्र के रहने वाले दो युवकों ने उसके साथ गैंगरेप किया।
महिला ने बताया कि वह मूलरूप से कैराना क्षेत्र की है तथा काफी समय से पानीपत मेें रह रही है। कांधला क्षेत्र के गुर्जरपुर निवासी दो युवकों ने उसको कंडेला की एक फैक्ट्री में नौकरी लगवाने के नाम पर बुलाया। इसके बाद बंद फैक्ट्री में ले जाकर उसके साथ गैंगरेप किया गया।
सूचना पर सीओ सिटी निशांक शर्मा मौके पर पहुंचे। महिला से घटना की जानकारी लेकर जांच शुरू कराई गई। सीओ ने बताया कि महिला ने इससे पूर्व भी दोनों आरोपियों के खिलाफ पानीपत के एक थाने में रिपोर्ट दर्ज करा रखी है। पूछताछ में महिला ने बताया कि पानीपत वाले केस में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हो रही थी, जिसके चलते उसने यहां उन पर गैंगरेप का आरोप लगाया।