शाहजहांपुर। थाना सदर बाजार क्षेत्र के खिरनीबाग मोहल्ले में बुधवार रात कुछ लोगों ने एक युवक को गोली मारकर घायल कर दिया। साथी युवक को तमंचे की बट से पीटा। कई राउंड फायरिंग के बाद जब लोग एकत्र हुए तो हमलावर भाग गए। गुस्साए लोगों ने आरोपियों की कार में तोड़फोड़ कर दी।
खिरनीबाग मोहल्ले में कालीबाड़ी मंदिर के पास बुधवार रात करीब साढ़े आठ बजे लाल इमली मोहल्ले के मेहुल यादव अपने दोस्त के साथ उसके घर के बाहर बैठे हुए थे। तभी वहां पर एक कार में सवार तीन-चार लोग आए। उन लोगों ने मेहुल और उसके दोस्त को पीटना शुरू कर दिया। हाथापाई के बाद हमलावरों ने तमंचे से तीन-चार फायर किए। एक गोली मेहुल को पेट में लग गई। घायल होकर मेहुल सड़क पर गिर गया। दोस्त को हमलावरों ने तमंचे की बट से पीटकर घायल कर दिया।
मोहल्ले के लोग जुटे तो हमलावर धमकी देते हुए कार छोड़कर भाग गए। गुस्साए लोगों ने हमलावरों की कार में जमकर तोड़फोड़ की। सूचना पर सदर बाजार थाने की पुलिस पहुंच गई। घायल मेहुल और उसके दोस्त को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा। एसपी सिटी संजय कुमार, सीओ सिटी प्रवीन कुमार भी मौके पर पहुंचे और जांच की। दोस्त के परिजनों ने बताया कि हमलावर मोहल्ले में आकर युवतियों से छेड़छाड़ करते थे। इसका विरोध करने पर उन लोगों से फरवरी में विवाद हो गया था। बाद में मामले में समझौता हो गया था। इसी खुन्नस में बुधवार रात को हमलावरों ने हमला किया। बताया जा रहा है कि हमलावर भी इसी मोहल्ले में रहते हैं।
एसपी सिटी संजय कुमार ने बताया कि हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट लिखकर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने दबिश देकर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।