कार चालकों से पूछताछ करती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
खतौली में हाईवे पर भंगेला पुलिस चौकी पर पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान बैंक की कैश वैन को पकड़ लिया। वैन में 15 करोड़ रुपये का कैश निकला। पुलिस ने बैंक अधिकारियों से पूछताछ करने के बाद वैन को छोड़ दिया।
शुक्रवार को सीओ हरिराम यादव ने पुलिस टीम के साथ हाईवे पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। सीओ ने हाईवे से गुजरने वाली गाड़ियों पर लगी झंडियों और हूटरों को उतरवाकर जब्त किए। भंगेला पुलिस चौकी के सामने पुलिस ने सुबह 7:00 बजे से ही चेकिंग अभियान चलाना शुरू कर दिया था। दोपहर बाद पुलिस ने मेरठ की ओर से कैश लेकर आ रही बैंक की वैन को पकड़ लिया। पुलिस ने वैन की तलाशी ली तो, उसमें 15 करोड़ रुपये मिले।
वैन में सवार कैशियर कुलदीप कुमार ने बताया कि वे मेरठ से कैश लेकर देहरादून बैंक ऑफ इंडिया लेकर जा रहे हैं। नोटबंदी के बाद से वे इसी वैन से प्रतिदिन मेरठ से कैश लेकर जाते हैं। कैशियर ने बैंक के उच्चाधिकारियों से एसआई मनोज कुमार की फोन पर बातचीत कराई। संतुष्ट होने के बाद पुलिस ने बैंक की कैश वैन को छोड़ दिया। सीओ हरिराम यादव ने बताया कि 10 फरवरी तक इसी तरह से सघन चेकिंग अभियान चलाया जाएगा।