अमर उजाला ब्यूरो कानपुर। ‘अमर उजाला’ के हरियाली, हमारी-तुम्हारी अभियान शुरू होने के बाद सबसे पहले डबल पुलिया, काकादेव से शन्नेश्वर मंदिर, आवास-विकास तक ग्रीनबेल्ट के आस-पास रहने वाले लोग आगे आए हैं। इन लोगों ने ग्रीनबेल्ट की हरियाली बचाने का संकल्प लिया है। सोमवार को क्षेत्रीय लोगों ने बैठक करके तय किया कि नगर निगम ग्रीनबेल्ट विकसित करके दे तो इसे बचाने और रखरखाव का काम इलाके के लोग मिल-जुल कर करेंगे।
‘अमर उजाला’ ने 28 मार्च के अंक में कई क्षेत्रों के ग्रीनबेल्ट की बदहाली को उजागर किया था। इसके लिए जिम्मेदार अफसरों के आंखें मूंदे रहने और नागरिकों की उदासीनता पर भी सवाल उठाया था। इस पर कुछ नागरिक आगे आए हैं। सोमवार को काकादेव, शिवपुरी, गणेश नगर के लोगों ने इस संबंध में बैठक की। गणेश नगर स्थित हैंडीकैप्ड एसोसिएशन के दफ्तर में एसोसिएशन के लोगों के साथ शिवपुरी विकास समिति और गणेश नगर क्षेत्रीय कमेटी की संयुक्त बैठक हुई। इसमें ग्रीनबेल्ट को अवैध कब्जों से मुक्त कराने और उसे विकसित कराकर रखरखाव करने, साफ-सफाई का संकल्प लिया गया। तय हुआ कि इसके लिए इलाकाई लोगों का प्रतिनिधिमंडल नगर आयुक्त से मिलेगा। उनसे इस ग्रीनबेल्ट में जल्द से जल्द पौधरोपण और पाथवे बनवाने की मांग की जाएगी। क्षेत्रीय समिति इसका रखरखाव करेगी। इसके लिए वे आपस में चंदा कर धन जुटाएंगे। बैठक में हैंडीकैप्ड एसोसिएशन के अध्यक्ष हृदयेश कुमार, शिवपुरी विकास समिति के अध्यक्ष विमल सक्सेना, महामंत्री रवि शुक्ला, गुड्डू मिश्रा, आशीष श्रीवास्तव, आयुष यादव, गणेश नगर क्षेत्रीय कमेटी के रामानुज, दिनेश कुमार, धीरज, राजकुमार शर्मा, श्याम सिंह आदि शामिल रहे।