कोठीगेट में नाली में भ्रूण मिलने से रोष
हापुड़। कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत कोठीगेट पर एक निजी अस्पताल के पास नाली में भ्रूण मिलने से लोगों में रोष है। मौके पर एकत्र हुई भीड़ ने पुलिस को मामले की जानकारी दी। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी के आधार पर मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने भ्रूण को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। मामले में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों द्वारा भी जांच की जा रही है।
कोठी गेट मोहल्ला गोपीपुरा के पास स्थित एक निजी अस्पताल के पास मंगलवार सुबह लोगों को एक नाली में भ्रूण पड़ा मिला। भ्रूण देखने में करीब तीन से चार माह का लग रहा था। मामले की जानकारी होने पर काफी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आसपास के लोगों से पूछताछ कर भ्रूण को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। इस प्रकार से भ्रूण नाली में फेंके जाने से आसपास के लोगों में रोष है। लिंग जांच परीक्षण और अवैध रूप से गर्भपात करने की आशंका को देखते हुए लोगों ने पुलिस से मांग की कि जो भी इस मामले में दोषी है उसके खिलाफ कार्रवाई की जाए।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सोमबीर सिंह ने बताया कि पुलिस और स्वास्थ्य विभाग ने इस मामले की अलग-अलग जांच कर रही है। आसपास के क्षेत्रों की सीसीटीवी को खंगाला जा रहा है। उसी के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
अवैध रूप से गर्भपात कराने की भी आशंका
सरकार के आदेशों पर लिंग जांच और अवैध रूप से गर्भपात किए जाने पर सख्ती बरती जा रही है। लेकिन इसके अलावा कुछ झोलाछाप व नर्स आदि गली मोहल्लों में इस प्रकार की घटनाओं को अंजाम दे रही हैं। नाली में भ्रूण मिलने से एक बार फिर इसी प्रकार की आशंका जोर पकड़ रही है। हालांकि पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम जल्द खुलासे का दावा कर रही है।