कोतवाली क्षेत्र के मुहल्ला अडार उर्दू मुहल्ला में गुरुवार सुबह एक पोल में करंट उतर आया। पास में बंधी दो भैंसों की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। इलाकाई लोगों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जाम लगा दिया।
जिससे शहर की यातायात व्यवस्था बाधित हो गई। जाम की सूचना पर सीओ सिटी शिवराज मौके पर पहुंचे और पशुपालक को मुआवजा दिलाने का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। जाम के कारण करीब एक घंटे तक आवागमन प्रभावित रहा।
शहर के मुहल्ला अडार निवासी सुनील यादव पुत्र ओमप्रकाश दूध का कारोबार करते हैं। उनकी दो भैंसें घर के बाहर बंधी थीं। सुबह पास में ही बिजली पोल में करंट उतर आया। जिसकी चपेट में आकर दो भैंसों की मौत हो गई। इससे पशुपालक व मुहल्ले के लोगों में बिजली विभाग के प्रति आक्रोश भड़क गए और उन्होंने नौरंगाबाद चौराहे के पास जाम लगा दिया।
लोगों का कहना था कि आए दिन पोल में करंट उतर आता है। इसके लिए विभाग को कई बार अवगत कराया गया, लेकिन विभाग ने ध्यान ही नहीं दिया। जिसके कारण यह हादसा हुआ है। किसी दिन इससे भी बड़ा हादसा हो सकता है। लोगों की मांग थी कि पीड़ित को बिजली विभाग से मुआवजा दिलाया जाए।
जाम लगने की सूचना मिलने पर सीओ सिटी शिवराज मौके पर पहुंचे और लोगों को समझा बुझाकर शांत किया। उन्होंने लोगों को आश्वासन दिया कि वह बिजली विभाग से उन्हें मुआवजा दिलाने का पूरा प्रयास करेंगें। सीओ सिटी के आश्वासन पर लोगों ने जाम खोला। जाम के कारण एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। बाद में मरीं भैंसों का पशु चिकित्सक ने पोस्टमार्टम किया।